मिशन शक्ति के तहत छात्रा राशि ने डीआईओएस बनकर विभागीय दायित्वों का किया अनुभव
आज जिला विद्यालय निरीक्षक डा0 पूरन सिंह द्वारा छात्रा राशि को डीआईओएस पद पर आसीन किया गया

अलीगढ़ : माध्यमिक शिक्षा विभाग के तत्वाधान में मिशन शक्ति 6.0 के अन्तर्गत आज जिला विद्यालय निरीक्षक डा0 पूरन सिंह द्वारा छात्रा राशि को डीआईओएस पद पर आसीन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को माध्यमिक शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली से परिचित कराते हुए उनमें नेतृत्व क्षमता एवं आत्मविश्वास का विकास करना है।कार्यक्रम के तहत राजकीय बालिका इण्टर कॉलेज, अलीगढ़ की कक्षा-11 की छात्रा राशि को ’’जिला विद्यालय निरीक्षक’’ अलीगढ़ के पद का दायित्व सौंपकर कार्यालय के कार्यों, अभिलेख, निरीक्षण, प्रक्रिया एवं अन्य प्रशासनिक कार्यों का प्रत्यक्ष अनुभव कराया गया।कार्यक्रम के दौरान सम्बन्धित अधिकारियों द्वारा छात्रा को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करते हुए भविष्य में प्रशासनिक सेवाओं में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करते हुए यह संदेश दिया गया कि छात्राएं एवं महिलाएं हर क्षेत्र में सशक्त भूमिका निभा सकती है तथा उन्हें समान अवसर प्रदान करना समाज की जिम्मेदारी है। मिशन शक्ति अभियान के अन्तर्गत इस प्रकार के आयोजन महिला सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं जो महिलाओं की सुरक्षा सम्मान एवं स्वाबलंबन के प्रति सकारात्मक संदेश प्रदान करते हैं।



