अलीगढ़

कलेक्ट्रेट में धूमधाम से मनाया गया 77वां गणतंत्र दिवस, डीएम ने किया ध्वजारोहण

जय स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अमर शहीदों को किया नमन

अलीगढ़ के थाना सिविल लाइन क्षेत्र के जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट में 77 वा गणतंत्र दिवस धूमधाम के साथ मनाया गया है। समस्त प्रशासनिक अधीनस्थ अधिकारियों के साथ डीएम संजीव रंजन सोमवार सुबह 8:00 बजे जिला मुख्यालय कलेक्ट्रेट पहुंचे।

अलीगढ़ 77वें गणतंत्र दिवस के पावन अवसर पर कलैक्ट्रेट परिसर में हर्षाेल्लास एवं गरिमामय वातावरण में गणतंत्र दिवस समारोह आयोजित किया गया। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके उपरांत उन्होंने जय स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित कर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों एवं अमर शहीदों को नमन किया।कलैक्ट्रेट सभागार में आयोजित मुख्य कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि गणतंत्र दिवस हमारे संविधान की गरिमा, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्रीय एकता का प्रतीक है। भारतीय संविधान समानता, न्याय एवं अधिकारों के साथ-साथ नागरिक कर्तव्यों के प्रति सजग रहने की प्रेरणा देता है। उन्होंने संविधान को विश्व के लिए एक प्रकाश-पुंज बताते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक अपने स्थान पर रहते हुए देश सेवा कर सकता है।जिलाधिकारी ने कहा कि जिला प्रशासन जिले के समग्र विकास, सुशासन, पारदर्शिता एवं जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, स्वच्छता, महिला सशक्तिकरण एवं गरीब कल्याण के क्षेत्र में हुई प्रगति जनसहभागिता का सकारात्मक परिणाम है। उन्होंने आश्वस्त किया कि शहर में जलभराव एवं सड़कों से संबंधित समस्याओं का शीघ्र समाधान कराया जाएगा। नगर निगम द्वारा कार्य प्रगति पर है।सभागार में वंदे मातरम गीत के सामूहिक गायन से वातावरण राष्ट्रप्रेम से सराबोर हो गया। जय स्तंभ पर पुष्पांजलि अर्पित करने के उपरांत जिलाधिकारी द्वारा मौलश्री का पौधा रोपित किया गया और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के तहत अधिकारियों एवं पटल कार्मिकों को पौधे वितरित किए गए।जॉइंट मजिस्ट्रेट रिंकू राही ने अपने संबोधन में कहा कि नागरिकों को अपने अधिकारों के साथ-साथ कर्तव्यों के प्रति भी सजग रहना चाहिए, तभी सशक्त लोकतंत्र का निर्माण संभव है।इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी पंकज कुमार, प्रमोद कुमार, किंशुक श्रीवास्तव, नगर मजिस्ट्रेट डॉ. अतुल गुप्ता, जॉइंट मजिस्ट्रेट रिंकू राही, एसीएम दिग्विजयसिंह सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थितजनों को मिष्ठान वितरित किया गया।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!