विश्व णमोकार महामंत्र दिवस के जाप में उमड़ा सकल जैन समाज
भगवान महावीर जन्मकल्याणक के पूर्व दिवस पर जैन इंटरनेशनल ट्रेड आर्गेनाइजेशन (जीतो) की ओर से अलीगढ़ समेत पूरी दुनिया के 108 देशों में एक साथ-एक ही समय णमोकार महामंत्र का जाप किया गया

भगवान महावीर जन्मकल्याणक के पूर्व दिवस पर जैन इंटरनेशनल ट्रेड आर्गेनाइजेशन (जीतो) की ओर से अलीगढ़ समेत पूरी दुनिया के 108 देशों में एक साथ-एक ही समय णमोकार महामंत्र का जाप किया गया।
1 घंटा 35 मिनट तक किया महामंत्र का जाप, शांति, सत्य और अहिंसा का संदेश दिया
अलीगढ़ में भी सकल जैन समाज की ओर से बुधवार को विश्व णमोकार महामंत्र दिवस मनाया गया। खिरनी गेट पर आचार्य श्री 108 आदित्य सागर जी मुनिराज ससंघ के सान्निध्य में श्री पार्श्वनाथ दिगम्बर जैन खंडेलवाल मंदिर पंचायत एवं श्री शीतलनाथ दिगम्बर जैन मंदिर लेखराज नगर में ये आयोजन हुआ। जैन समाज से भरे मंदिर में णमोकार महामंत्र का जाप तय समय सुबह 8 बजकर 01 मिनट पर शुरू हुआ। जाप 9.36 बजे तक चला। करीब 1 घंटा 35 मिनट के इस जाप में शहर के सैकड़ों लोग शामिल हुए। णमोकार महामंत्र दिवस आध्यात्मिक सद्भाव और नैतिक चेतना का एक महत्वपूर्ण उत्सव है, जो जैन धर्म में सबसे अधिक पूजनीय और सार्वभौमिक मंत्र- नवकार महामंत्र के सामूहिक जाप के माध्यम से लोगों को एकजुट करने का प्रयास करता है। अहिंसा, विनम्रता और आध्यात्मिक उत्थान के सिद्धांतों पर आधारित यह मंत्र प्रबुद्ध व्यक्तियों के गुणों के प्रति सम्मान व्यक्त करता है और आंतरिक परिवर्तन की प्रेरणा देता है। यह दिवस सभी व्यक्तियों को आत्म-शुद्धि, सहिष्णुता और सामूहिक कल्याण के मूल्यों पर चिंतन करने के लिए प्रोत्साहित करता है। जाप में शामिल होने के लिए ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन किए गए। इससे जीतो गिनीज बुक आफ वर्ल्ड रिकॉर्ड्स में कार्यक्रम का नाम दर्ज कराने का प्रयास कर रहा है।
उधर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने नई दिल्ली के विज्ञान भवन में णमोकार महामंत्र दिवस का उद्घाटन करते हुए इस कार्यक्रम में सहभागिता की। इस अवसर पर उपस्थित गणमान्यों को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने णमोकार मंत्र के गहन आध्यात्मिक अनुभव साझा करते हुए मन में शांति एवं स्थिरता लाने की इसकी क्षमता पर चर्चा की। उन्होंने शांति की अद्वितीय भावना का उल्लेख करते हुए कहा कि यह शब्दों और विचारों से परे है और मन एवं चेतना के भीतर गहराई से गूंजती है। श्री मोदी ने णमोकार मंत्र के महत्व को रेखांकित किया और इसके पवित्र छंदों का पाठ करते हुए मंत्र को ऊर्जा का एकीकृत प्रवाह बताया। उन्होंने कहा कि यह स्थिरता, समभाव और चेतना एवं आंतरिक प्रकाश की सामंजस्यपूर्ण लय का प्रतीक है। इस मौके पर नरेंद्र कुमार जैन,विजय जैन पारस,राजीव जैन,कैलाश चन्द्र जैन , ओम प्रकाश जैन ,हेमंत जैन ,मुकेश जैन ,मुनेश जैन ,शरद जैन,विनय जैन राजीव जैन शास्त्री,सुरजीत जैन , सत्येंद्र जैन ,उमेश जैन,सीमा जैन पारस,आशा जैन पाटनी,मधु जैन,सरिता जैन ,पूर्वी जैन ,नीरजा जैन,नीलम जैन एवं समाज के महिला पुरुष बच्चे उपस्थित रहे।