डीएम ने डायरिया रोको अभियान, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए की बैठक
जिले में 01 से 30 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्रण एवं 11 से 31 जुलाई तक चलेगा दस्तक अभियान

अलीगढ़ : जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में डायरिया रोको अभियान, राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम, संचारी रोग नियंत्रण एवं दस्तक अभियान के सफल क्रियान्वयन के संबंध में अन्तर्विभागीय समन्वय बैठक आहुत की गई।बैठक का संचालन करते हुए सीएमओ डा0 नीरज त्यागी ने बताया कि जिले में डायरिया रोको अभियान के तहत 15 जुलाई तक 0-05 वर्ष के बच्चों को लक्षित किया जाना है। अलीगढ़ को यलो कैटेगरी में रखा गया है अभियान के तहत सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर ओआरएस एवं जिंक सल्फेट की उपलब्धता सुनिश्चित कराते हुए अभिभावकों को अन्तर्विभागीय समन्वय से जागरूक किया जाएगा।राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन की समीक्षा में जिला क्षय रोग अधिकारी डा0 राहुल शर्मा ने बताया कि दिसम्बर 2025 तक जिले को टीबी मक्त बनाया जाना है। 100 दिवसीय टीबी रोगी खोजो अभियान को दिसंबर 2025 तक बढ़ाया गया है। उन्होंने आगामी कार्ययोजना की जानकारी देते हुए बताया कि औद्योगिक इकाईयों एवं विद्यालयों में टीबी स्क्रीनिंग कैंप लगाए जा रहे हैं। जिले के टीबी मुक्त ग्राम पंचायतों के प्रधान एवं टीबी को हरा चुके टीबी चैंपियनों का सम्मान किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जिले में 10615 टीबी रोगियों के सापेक्ष सीएसआर फण्ड से विभिन्न इकाईयों के माध्यम से 3500 पोषण पोटली की उपलब्धता है। साथ ही उन्होंने पोर्टेबल एक्स-रे मशीन की भी आवश्यकता बताई।जिला मलेरिया अधिकाकारी डा0 विनीता मिश्रा ने बताया कि जिले में द्वितीय चरण में 01 जुलाई से 31 जुलाई तक संचारी रोग नियंत्ण एवं 11 जुलाई से 31 जुलाई तक दस्तक अभियान संचालित किया जाना है। उन्होंने बताया कि विगत अप्रैल में संचालित अभियान में जिला 69 वें स्थान पर रहा था, जिसमें पंचायतीराज व नगरीय निकायों द्वारा अपेक्षानुरूप कार्य न करने पर जिले की रैंक प्रभावित हुई थी।जिलाधिकारी ने सभी सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित सभी अभियानों की सफलता क लिए जनमानस में अधिक से अधिक जागरूकता लाते हुए विभागीय दायित्वों के साथ ही व्यक्तिगत रूचि लेकर धरातल पर कार्य करना सुनिश्चित करें। सामूहिक रूप से प्रयास कर अन्तर्विभागीय समन्वय से कार्य करते हुए जनसामान्य को लाभान्वित किया जाए। अभियान के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न गतिविधियों में कहीं भी संवादहीनता की स्थिति नहीं होनी चाहिए। उन्होंने नगर स्वास्थ्य अधिकारी डा0 मुकेश कुमार को निर्देशित किया कि एक माह के अभियान में नगर निगम क्षेत्र में विशेष साफ-सफाई व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए। उन्होंने डीपीआरओ को निर्देशित किया कि क्लस्टर में फॉगिंग मशीन खरीदी जाएं। ग्राम पंचायतों में किसी भी स्थान पर जलभराव न हो इसके लिए सेक्रेटरी का उत्तरदायित्व निर्धारित किया जाए। उन्होंने सीएमओ एवं संबंधित अधिकारियों को तहसील व ब्लॉक स्तर पर भी विभागीय समन्वय बैठक आहुत कर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिएजिलाधिकारी द्वारा क्षय रोग उन्मूलन में सक्रिय भूमिका निभाने वाले निःक्षय मित्र वंडर सीमेंट, जेके सीमेंट, जेके लक्ष्मी सीमेंट,जायडस हैल्थ एण्ड वैलनेस, पावना इंडस्ट्रीज, सांई श्री एजुकेशन सोसाइटी, अलदुआ फूड प्रोसेसिंग, अलहमद एग्रो फूड प्रोडक्ट, वेब डिस्टलरी, लिंक लॉक्स, अल अम्मार प्रा0लि0 के प्रतिनिधियों को प्रशस्ति प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों के साथ ही सभी सीएमएस, एमओआईसी एवं चिकित्सकगण उपस्थित रहे।



