ब्लॉक अमांपुर बना जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिताओं का चैंपियन
- 14 वें मिनी खेलकूद प्रतियोगिताओं का हुआ समापन

कासगंज।
ग्रामीण स्टेडियम नगला पट्टी पर आयोजित हुई 14 वीं जनपदीय खेलकूद प्रतियोगिताओं में 142 अंकों के साथ ब्लॉक अमांपुर चैंपियन बना। वहीं 125 अंकों के साथ ब्लॉक सोरों उपविजेता घोषित हुआ। प्रतियोगिता में सभी विकास खंडों से सैकड़ों खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। दूसरे दिन के खेल में कबड्डी, खो खो, अंत्याक्षरी, पीटी, योगा, समूह गान, एकांकी आदि खेलकूद एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हुए। बालिकाओं द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों की जमकर सराहना हुई।प्राथमिक बालिका वर्ग में रोशनी ब्लॉक अमांपुर, बालक वर्ग में अरविंद ब्लॉक सोरों और जूनियर वर्ग में ऋषिका ब्लॉक सोरों व्यक्तिगत चैंपियन बने। प्राथमिक बालक खो खो में सिढ़पुरा विजेता रहा और कासगंज उपविजेता रहा। अंत्याक्षरी में विजेता अमांपुर एवं उपविजेता सहावर रहा। वहीं पीटी में अमांपुर ब्लॉक विजेता घोषित किया गया। इसके अतिरिक्त बालक बालिका वर्ग में कबड्डी, योगासन एवं अन्य प्रतियोगिताओं में खिलाड़ियों ने अपना दमखम दिखाया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सूर्य प्रताप सिंह ने विजेता खिलाड़ियों को उज्जवल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए शील्ड और चैंपियनशिप प्रदान की। उन्होंने कहा कि पढ़ाई के साथ साथ खेलकूद भी आवश्यक हैं। खेलों से बच्चों का सर्वांगीण विकास होता है। जनपदीय प्रतियोगिता में सभी विजेता प्रतिभागी मंडल स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाएंगे। पुरस्कार पाकर बच्चों के चेहरे खुशी से खिल गए। इससे पूर्व राजकुमार, शशिकांत, सुरेन्द्र अहिरवार, रामरूप, राजेश चौधरी, प्रीति गोयल और आरती चौधरी खंड शिक्षा अधिकारियों का जिला समन्वयक वीरेंद्र सिंह, सुनील, गौरव सक्सेना, अमित सक्सेना, भानेंद्र ने स्वागत किया। प्रतियोगिता में संचालन मुनेश राजपूत एवं राजबहादुर ने संयुक्त रूप से किया। इस दौरान राजेंद्र सिंह, अजय यादव, फुरकान अली, सोमेंद्र सिंह, भारतेंदु, देवेंद्र, पुष्पेंद्र, दिलीप यादव, दीपक मिश्र, श्यामबाबू, अश्वनी कुमार, सुशील यादव, पूनम राजपूत, प्रविता, अजय वर्मा सहित बड़ी संख्या में शिक्षक शिक्षिकाएं और छात्र छात्राएं मौजूद रहे।
——————————–



