निधि की प्रथम किश्त का शत-प्रतिशत उपयोग, दूसरी किश्त से विकास कार्यों में और तेजी
प्रथम किश्त की धनराशि का शत-प्रतिशत सदुपयोग करते हुए विकास कार्य धरातल पर संचालित

अलीगढ़ : जिले में जनप्रतिनिधियों की विकास निधि के उपयोग को लेकर पी डी भालचंद त्रिपाठी ने बताया है कि प्रथम किश्त की धनराशि का शत-प्रतिशत सदुपयोग करते हुए विकास कार्य धरातल पर संचालित हैं। दूसरी क़िस्त के सदुपयोग के लिए जनप्रतिनिधियों द्वारा सूची दे दी गई है, जिसके सापेक्ष विकास कार्य प्रगति पर हैं।परियोजना निदेशक, जिला ग्राम्य विकास अभिकरण पी.डी. भालचंद त्रिपाठी ने बताया कि सभी जनप्रतिनिधियों द्वारा विकास कार्यों की प्राथमिकता सूची समय से उपलब्ध करा दी गई है और स्वीकृत कार्यों पर तेजी से अमल हो रहा है। उन्होंने बताया कि जिले में अतरौली, इगलास, छर्रा, बरौली, खैर, कोल व शहर विधानसभा क्षेत्र हैं। एमएलसी डा0 मानवेन्द्र प्रताप सिंह, प्रो0 तारिक मंसूर एवं चौ0 ऋषिपाल सिंह की निधि से स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, विद्युत सुधार, पेयजल एवं अन्य सार्वजनिक उपयोग के कार्य कराए जाते हैं। प्रत्येक जनप्रतिनिधि के खाते में प्रतिवर्ष 05 करोड़ की धनराशि प्राप्त होती है।उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, इंटरलॉकिंग, पेयजल, सामुदायिक भवन, शिक्षा एवं स्वास्थ्य से जुड़े जनोपयोगी कार्य प्राथमिकता पर कराए जा रहे हैं। कई कार्य पूर्णता की ओर हैं, जबकि शेष कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता मानकों के अनुरूप प्रगति पर हैं। कार्य पूर्ण होने के उपरांत नियमानुसार भुगतान की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाएगी, जिससे पारदर्शिता और वित्तीय अनुशासन बना रहे।उन्होंने बताया कि सभी कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। संबंधित विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि विकास कार्यों में गुणवत्ता से कोई समझौता न हो और आमजन को शीघ्र व स्थायी लाभ मिले। दूसरी किश्त जारी होने से विकास कार्यों की रफ्तार और तेज हुई है, जिससे आधारभूत संरचना सुदृढ़ होने के साथ नागरिक सुविधाओं में व्यापक सुधार सुनिश्चित होगा। उन्होंने दोहराया है कि जनप्रतिनिधियों के समन्वय से जनहित सर्वाेपरि रखते हुए सभी विकास योजनाओं को समयबद्ध, पारदर्शी एवं प्रभावी ढंग से पूरा कराया जा रहा है, ताकि प्रत्येक रुपये का लाभ सीधे जनता तक पहुंचे।



