नगर निगम ने कचरा प्रबंधन व स्वच्छता व्यवस्था को बनाया प्राथमिकता, जनसहभागिता से होगा स्थायी समाधान
निरीक्षण के उपरांत भी साफ-सफाई व्यवस्था रहे दुरूस्त

-प्रेम प्रकाश मीणा, नगर आयुक्त
अलीगढ़ शहर में स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से नगर निगम ने कचरा प्रबंधन प्रणाली की व्यापक समीक्षा शुरू कर दी है। नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा ने स्पष्ट किया कि सड़क और नालियों में कूड़ा डाले जाने की समस्या के स्थायी समाधान के लिए एजेंसी की कार्यप्रणाली, जनजागरूकता और निगरानी व्यवस्था तीनों स्तरों पर ठोस कदम उठाए जा रहे हैं।नगर आयुक्त ने कहा कि नगर निगम द्वारा सूखा-गीला कचरा पृथक्करण की व्यवस्था को प्रभावी बनाने के लिए संबंधित एजेंसियों विनय टेक हुड एवं सुखमा को सख्त निर्देश दिए गए हैं। डोर-टू-डोर कलेक्शन, नियमित उठान और निर्धारित स्थानों पर ही कूड़ा निस्तारण सुनिश्चित करने के लिए विशेष मॉनिटरिंग की जा रही है। जहां कहीं भी लापरवाही सामने आएगी, वहां जवाबदेही तय कर कार्रवाई की जाएगी।उन्होंने बताया कि हाल के निरीक्षणों के दौरान स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए वार्ड स्तर पर विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं। सड़क और नालियों की सफाई, चूना छिड़काव और कूड़ा उठान की प्रक्रिया को नियमित एवं पारदर्शी बनाने पर जोर दिया गया है। नगर निगम की टीमें बिना पूर्व सूचना के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण कर रही हैं, ताकि वास्तविक स्थिति का आकलन कर तत्काल सुधारात्मक कदम उठाए जा सकें। नगर आयुक्त ने कहा कि स्वच्छ शहर के निर्माण में जनसहभागिता बेहद आवश्यक है। नागरिकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि वे कूड़ा निर्धारित वाहनों में ही दें और सड़क या नालियों में कचरा न डालें। नगर निगम जल्द ही व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाकर घर-घर तक स्वच्छता का संदेश पहुंचाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम शहरवासियों को बेहतर स्वच्छता सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। नगर आयुक्त ने कहा है कि हमारा लक्ष्य केवल सफाई कराना नहीं, बल्कि ऐसी व्यवस्था विकसित करना है, जिससे शहर में स्थायी रूप से स्वच्छ और स्वस्थ वातावरण कायम हो।



