संजीव रंजन की अध्यक्षता में विकास कार्यों की गहन समीक्षा, समयबद्ध लक्ष्य पूर्ण करने के निर्देश
चालू वित्तीय वर्ष में प्राप्त धनराशि का समुचित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित कर निर्धारित लक्ष्यों की करें समयबद्ध पूर्ति

अलीगढ़ : जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से जनपद में संचालित विकास कार्यों की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि वित्तीय वर्ष समाप्ति की ओर है, ऐसे में शासन से प्राप्त धनराशि का समुचित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित कर सभी विभाग निर्धारित लक्ष्यों की समयबद्ध पूर्ति करें।जिलाधिकारी ने वैकल्पिक ऊर्जा, आलू उत्पादन, विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, विद्युत बिल सुधार, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, मुख्यमंत्री आवास योजना एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की विस्तृत समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा निर्धारित लक्ष्यों को हर हाल में प्राप्त कर पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. नीरज त्यागी को निर्देशित किया गया कि आमजन, विशेषकर जरूरतमंदों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता रहे। जल जीवन मिशन के अंतर्गत 90 प्रतिशत से अधिक पूर्ण हो चुकी परियोजनाओं को शीघ्र पूर्ण कर जनता को पेयजल सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए। पर्यटन विभाग की समीक्षा में पर्यटन अधिकारी ने अवगत कराया कि चन्द्र भोलेश्वर मंदिर के विकास कार्य व फूड क्राफ्ट भवन का निर्माण कार्य तेजी से प्रगति पर है। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को छात्रवृत्ति योजना के क्रियान्वयन में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए, जिससे पात्र विद्यार्थियों को समय से लाभ मिल सके।बैठक में सेतु निर्माण, खेल स्टेडियम, प्रोजेक्ट अलंकार, टूल किट वितरण, रोजगार मेला एवं सामूहिक विवाह योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यक्रमों की प्रगति की भी विस्तार से समीक्षा की गई। सड़क निर्माण कार्यों की प्रगति पर जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों में बाधा बन रहे विद्युत खम्भों एवं तारों को शीघ्र हटाया जाए। इस दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग ने अवगत कराया कि बाधाओं के कारण निर्माण कार्य प्रभावित हो रहे हैं। निर्माणाधीन परियोजनाओं की समीक्षा में नगर पंचायत भवन, मल्टीलेवल कार पार्किंग, आश्रम पद्धति विद्यालय एवं क्वार्सी उपरगामी सेतु का निर्माण कार्य मार्च माह तक पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। साथ ही सूत मिल से नादा पुल तक सड़क निर्माण कार्य को भी प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए गए। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए विकास योजनाओं को धरातल पर उतारें, जिससे आमजन को शीघ्र लाभ मिल सके और जनपद विकास की दिशा में नई ऊंचाइयों को प्राप्त करे।कर करेत्तर एवं राजस्व वसूली की मासिक समीक्षा में डीएम ने 100 प्रतिशत वार्षिक एवं क्रमिक लक्ष्य प्राप्त न करने वाले विभागीय अधिकारियों से स्पष्टीकरण प्राप्त करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वणिज्यकर, स्टाम्प, आबकारी, परिवहन, विद्युत, निकाय, बांट माप, खनन, मंडी अधिकारियों से बिंदुवार समीक्षा करते हुए लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए। सीएम डैश बोर्ड के माध्यम से हुई समीक्षा में आबकारी, जनसुनवाई, लोकशिकायत डी श्रेणी में रहने पर नाराजगी व्यक्त की गई। राजस्व वाद निस्तारण की समीक्षा में डीएम ने लंबित वादों की नियमित सुनवाई करते हुए निस्तारित करने के निर्देश दिए। धारा-24 के सभी प्रकरण निस्तारित करने के निर्देश देते हुए कहा कि गेहूं की फसल कटने के उपरांत देरी नही होनी चाहिये। उन्होंने एसडीएम को निर्देशित किया कि धारा 24, 34, 116 के प्रकरणों में तेजी लाएं। फार्मर रजिस्ट्री का कार्य प्राथमिकता से पूरा करायें। डीएम ने सभी तहसीलदार को संग्रह सेवकों की सेवा प्रविष्टियों को भेजने के निर्देश दिए।



