अलीगढ़

छात्राओं को कानूनी अधिकारों एवं साइबर सुरक्षा के प्रति किया जागरूक

विधिक जागरूकता शिविर में घरेलू हिंसा, दहेज प्रतिषेध एवं कार्यस्थल पर महिलाओं के उत्पीड़न संबंधी कानूनों की दी जानकारी

अलीगढ़ : माननीय उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ एवं माननीय जिला न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, अलीगढ़ के दिशा-निर्देशों के अनुपालन में गुरुवार को चम्पा देवी कन्या इण्टर कॉलेज में छात्राओं को उनके कानूनी एवं संवैधानिक अधिकारों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से विशेष विधिक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
शिविर की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्य श्रीमती मनीषा अग्रवाल ने की और संचालन हिन्दी शिक्षिका भावना कुमारी ने किया। इस अवसर पर पीएलवी श्रीमती आभा वार्ष्णेय ने छात्राओं को उनके संवैधानिक एवं कानूनी अधिकारों की जानकारी देते हुए घरेलू हिंसा निवारण अधिनियम, दहेज प्रतिषेध कानून, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न की रोकथाम से संबंधित प्रावधानों तथा साइबर सुरक्षा के महत्वपूर्ण पहलुओं के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने छात्राओं को अपने अधिकारों के प्रति सजग रहने और किसी भी प्रकार के उत्पीड़न अथवा अन्याय की स्थिति में आवाज उठाने के लिए प्रेरित किया।
श्रीमती विनय यादव, काउन्सलर, मलखान सिंह जिला चिकित्सालय, अलीगढ़ ने छात्राओं को उनके भविष्य एवं कैरियर चयन से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अपनी रुचि, क्षमता एवं लक्ष्य के अनुरूप कैरियर का चयन करने और भविष्य की बेहतर तैयारी के लिए प्रेरित किया। शिविर में छात्राओं को बताया गया कि किसी भी प्रकार की कानूनी समस्या अथवा अन्याय की स्थिति में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से पात्र पीड़ितों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराई जा सकती है। साथ ही नालसा हेल्पलाइन नंबर 15100 पर विधिक सहायता प्राप्त करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों में 1090 एवं 112 हेल्पलाइन पर संपर्क करने की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। शिविर का उद्देश्य छात्राओं को कानून की जानकारी देकर उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक, आत्मविश्वासी एवं सशक्त बनाना रहा।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!