अलीगढ़

मण्डलायुक्त की अध्यक्षता में विकास कार्यों की मण्डलीय बैठक संपन्न

सभी जिलों में ऑडियोमेट्रिस की तैनाती कराने के दिए निर्देश

अलीगढ़ आयुक्त अलीगढ़ मण्डल, अलीगढ़ संगीता सिंह की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में विकास कार्यों की मण्डलीय समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान सीएम डैश बोर्ड पर जुलाई में कासगंज की 71 एवं अलीगढ़ की 43 रैंक होने पर मण्डलायुक्त ने सुधार करने के निर्देश दिए। वहीं एटा व हाथरस क्रमशः 20 व 31 वें स्थान पर रहे। छात्रवृत्ति योजनाओं की समीक्षा में मण्डलायुक्त ने निर्देशित किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही से कोई भी पात्र छात्र योजना के लाभ से वंचित न रहे। डीएम अलीगढ़ ने बताया कि छात्रवृत्ति योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जिलास्तरीय अधिकारियों एवं डायट प्राचार्य को विद्यालयवार छात्रों का डाटा समय से अपलोड कराने के लिए नोडल अधिकारी नामित किया गया है। सर्किट हाउस के विस्तारीकरण में भविष्य को दृष्टिगत रखते हुए बहुमंजिला इमारत का ले-आउट तैयार करने के निर्देश दिए गए। जनपद के सीमावर्ती किसानों को दो जिलों में भूमि होने पर पर्याप्त मात्रा में खाद न मिलने की समस्या पर संयुक्त निदेशक कृषि ने बताया कि उक्त के दृष्टिगत अब शासन द्वारा फार्मर रजिस्ट्री में एड लैंड का विकल्प दिया गया है जिससे किसान अपने दोनों जिलों की भूमि को उस पर अपलोड कर सकते हैं। मुख्यमंत्री आवास योजना में अलीगढ़, एटा व कासगंज की सी रैंक होने पर सुधार के निर्देश दिए गए।
एचपीवी वैक्सीन में हाथरस द्वारा लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति करने एवं वैक्सीनेटेड बालिकाओं का वॉरियर्स बैच बनाकर प्रोत्साहित करने की सकारात्म पहल की प्रशंसा करते हुए मण्डलायुक्त ने अन्य जिलों को भी अच्छा कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि अब पहले जहां दो टीके लगाए जाते थे अब एचपीवी का एक ही टीका आ गया है। मण्डलायुक्त ने हाथरस के अतिरिक्त किसी भी जिले में ऑडियोमेट्रिस न होने पर मूक बधिर दिव्यांगों को होने वाली परेशानी पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए एडी हैल्थ को सभी जिलों में ऑडियोमेट्रिस की तैनाती कराने के निर्देश दिए ताकि दिव्यांगों को प्रमाण पत्र के लिए आगरा न जाना पड़े। 80 प्लस आयुवर्ग के दिव्यागों एवं वृद्धावस्था पेंशन न आने पर उनके स्तर से प्रत्र प्रेषित कराने के निर्देश दिए। मण्डलायुक्त ने सभी जिलाधिकारियों का वृहद स्तर पर होने वाले वृक्षारोपण के दौरान पौधे के ऊपर से हटाई गयी पॉलीथीन की समस्या पर ध्यानाकर्षण कराते हुए बताया कि उनकी पहल पर 05 ग्राम प्रधानों ने पौधों को पॉलीथीन के स्थान पर अन्य बायोडिग्रेडिबल पदार्थ उपयोग कर वृक्षारोपण किया। उन्होंने पौधों को पॉलीथीन के स्थान पर केले के पत्तों या अन्य पदार्थों में लगाए जाने का भी सुझाव दिया। डीएम अलीगढ़ ने का कि वृक्षारोपण के लिए लक्ष्य के अनुरूप उसी ग्राम पंचायत में नर्सरी तैयार कराई जाए ताकि पौधों का अनावश्यक आवागमन न हो। कुपोषित बच्चों के सुधार में अलीगढ़ सी से बी श्रेणी, एटा बी से ए और हाथरस व कासगंज डी से सी श्रेणी में आए है। डीपीओ अलीगढ़ ने और सुधार के प्रति मण्डलायुक्त को आश्वस्त किया। सामूहिक विवाह योजना में कासगंज में टेण्डर न होने से एक भी शादी न होने पर मण्डलायुक्त ने आगामी सहालग से पूर्व टेण्डर प्रक्रिया पूर्ण करने के साथ लक्ष्य के अनुरूप लाभार्थियों का चयन करने के निर्देश दिए।
आईजीआरएस की समीक्षा में हाथरस के विगत 03 माह में टॉप थ्री में रहने पर मण्डलायुक्त ने प्रोत्साहित करते हुए अन्य जिलों को भी प्राप्त शिकायतों का गुणवत्तापरक निस्तारण करने के निर्देश दिए। आईजीआरएस में मण्डल की रैंक जून में 12 के सापेक्ष जुलाई में 08 रही। मण्डल स्तर पर विभागवार असंतोषजनक फीडबैक की समीक्षा में पाया गया कि उप निदेशक पंचायती राज में 54 के सापेक्ष 22, अधीक्षण अभियंता जल निगम ग्रामीण में 44 के सापेक्ष 09 एवं अधीक्षण अभियंता लोनिवि में 10 के सापेक्ष 06 शिकायतों में असंतोषजनक फीडबैक पाया गया। जीर्ण-शीर्ण परिषदीय विद्यालयों के ध्वस्तीकरण के संबंध में मण्डलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि किसी भी विद्यालय में अध्यापन कार्य न हो सुनिश्चित किया जाए और अवशेष विद्यालयों में आवश्यक कार्यवाही करते हुए जल्द से जल्द ध्वस्तीकरण की कार्यवाही की जाए। इसके साथ ही मण्डलायुक्त ने मण्डल में अनुसूचित ग्रामों के नामों परिवर्तन, परमाणु ऊर्जा संयंत्र स्थापना के लिए वांछित भूमि के संबंध में प्रस्ताव, सरकारी विभागों की भूमि को खतौनी में दर्ज कराने व कब्जा लेने, सरदार वल्लभभाई पटेल इंडस्ट्रियल जोन के स्थापना के लिए 50 एकड़ भूमि का चयन करने के साथ ही अन्य शासकीय योजनाओं की मण्डलीय समीक्षा की।
बैठक में जेडीसी मंशाराम यादव, अपर आयुक्त अखिलेश कुमार समेत सभी डीएम, सीडीओ एवं मण्डलीय अधिकारी उपस्थित रहे।

आशाओं को किया गया सम्मानित:

48 घण्टे में प्रसूताओं को जननी सुरक्षा योजना का लाभ दिलाने वाली 11 आशाओं को मण्डलायुक्त ने प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। प्रशस्ती पत्र प्राप्त करने वालों में हाथरस की श्रीमती नीलम, श्रीमती सुनीता शर्मा, श्रीमती नीरज देवी, श्रीमती मीना देवी, श्रीमती पुष्पा शर्मा, श्रीमती पूजा कुमारी, एटा की श्रीमती बबीता, श्रीमती जलदेवी, श्रीमती कांति देवी, श्रीमती रजनी देवी एवं श्रीमती ममता देवी शामिल रहीं।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!