लक्ष्य से कभी न भटकें, समय प्रबंधन और दृढ़ इच्छाशक्ति सफलता की कुंजी: डीएम
प्रतियोगी छात्रों से डेढ़ घंटे रूबरू हुए डीएम, किताबों से लेकर वाई-फाई तक की सुविधाएं बढ़ाने के दिए निर्देश

अलीगढ़ : जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने शनिवार को आगरा रोड स्थित मुकुंदपुर आईएएस-पीसीएस पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र का निरीक्षण कर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों से सीधा संवाद किया। करीब दो घंटे तक विद्यार्थियों के बीच रहे जिलाधिकारी ने उन्हें सफलता के लिए अनुशासन, समय प्रबंधन, धैर्य, ईमानदारी, संघर्षशीलता, दृढ़ इच्छाशक्ति और सही निर्णय लेने की क्षमता को जीवन का हिस्सा बनाने की सीख दी।जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से उनकी परीक्षा तैयारियों, अध्ययन की दिनचर्या और केंद्र पर आ रही समस्याओं के बारे में विस्तार से जानकारी ली। उन्होंने छात्रों को पूरी बेबाकी से अपनी समस्याएं और जरूरतें बताने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों ने भी खुलकर संवाद करते हुए अध्ययन के लिए आवश्यक पुस्तकों, टेस्ट सीरीज, मेंटरशिप, बिजली और इंटरनेट सहित विभिन्न सुविधाओं की आवश्यकता बताई। विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि “मन के हारे हार है, मन के जीते जीत।” व्यक्ति को कभी मन से हार नहीं माननी चाहिए। लक्ष्य के प्रति दृढ़ विश्वास और मजबूत इच्छाशक्ति के साथ लगातार आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी बनने से पहले व्यक्ति को स्वयं को व्यवस्थित करना होगा। जीवन में बदलाव लाने के लिए परिश्रम आवश्यक है। रुचि लेकर पढ़ाई करने के साथ दृढ़ निश्चयी रहना चाहिए।उन्होंने कहा कि प्रत्येक प्रतियोगी परीक्षा का अपना एक मानक होता है और सफलता के लिए उस मानक से आगे निकलने का प्रयास करना पड़ता है जीवन में संघर्ष सभी के हिस्से में आता है, लेकिन समस्याओं का रोना रोने के बजाय उनके समाधान की दिशा में आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को लक्ष्य से ध्यान न भटकाने और निरंतर अपने उद्देश्य पर केंद्रित रहने की सलाह दी। जिलाधिकारी ने कहा कि सफलता के लिए समय प्रबंधन का विशेष महत्व है। यदि समय का सही प्रबंधन नहीं किया गया तो तमाम व्यवस्थाएं धरी की धरी रह जाएंगी। उन्होंने विद्यार्थियों से अध्ययन के साथ अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित रखने और प्रत्येक दिन के लिए स्पष्ट लक्ष्य निर्धारित करने का आह्वान किया।
छात्रों की जरूरतों पर तत्काल निर्देश:जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की मांग पर तैयारी में सहायक पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने विद्यार्थियों एवं केंद्र अधीक्षक से आवश्यक पुस्तकों की सूची उपलब्ध कराने को कहा। बिजली की समस्या के संबंध में जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत मलिक को प्रशिक्षण केंद्र में कॉमन रूम तैयार कराने के निर्देश देते हुए कहा कि वह 24 घंटे विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित कराएंगे ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो। उन्होंने केंद्र पर निःशुल्क वाई-फाई की सुविधा उपलब्ध कराने की भी बात कही। विद्यार्थियों की मांग पर प्रशिक्षण केंद्र में मेंटरशिप प्रोग्राम, नियमित टेस्ट एवं टेस्ट सीरीज संचालित करने के लिए रोस्टर तैयार कराने के निर्देश जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत मलिक को दिए।
कई जिलों के विद्यार्थी कर रहे तैयारी:आगरा रोड स्थित मुकुंदपुर आईएएस-पीसीएस पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र में विद्यार्थियों को निःशुल्क रहने और भोजन की सुविधा के साथ प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जा रही है वर्तमान में यहां करीब 40 विद्यार्थी अपने उज्ज्वल भविष्य के लिए विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। इनमें अलीगढ़ के अलावा गाजीपुर, मऊ, मैनपुरी, फिरोजाबाद, महाराजगंज, मेरठ, प्रतापगढ़ सहित अन्य जनपदों के विद्यार्थी भी शामिल हैं। संवाद के दौरान विद्यार्थियों ने केंद्र से संबंधित विभिन्न समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को उनके स्थायी समाधान के निर्देश दिए।
लोअर पीसीएस परीक्षा की तैयारी कर रहे अमन को भी दिए टिप्स:निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने जिला शाहजहांपुर के अमन कुमार को लाइब्रेरी में अलग से तैयारी करते हुए देखा। अमन ने बताया कि रविवार, 23 अगस्त को लोअर पीसीएस की परीक्षा है और उनका परीक्षा केंद्र मेरठ में पड़ा है इसी कारण वह वाचनालय में अलग से तैयारी कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने अमन को अपने पास बैठाकर उनकी तैयारी के बारे में जानकारी ली और परीक्षा में सफलता के लिए महत्वपूर्ण टिप्स दिए। उन्होंने आत्मविश्वास बनाए रखने, समय का बेहतर उपयोग करने और परीक्षा के दौरान प्रश्नों को धैर्यपूर्वक हल करने की सलाह दी।
साफ–सफाई और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर भी जोर:प्रशिक्षण केंद्र के निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने सभी कमरों में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने रसोई में विशेष स्वच्छता बनाए रखने और विद्यार्थियों को उपलब्ध कराई जा रही खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर भी विशेष ध्यान देने को कहा उन्होंने आटा, तेल, रिफाइंड और मसालों सहित खाद्य सामग्री के नमूने लेकर उनकी जांच कराने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन वातावरण के साथ स्वच्छ, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराना भी केंद्र की प्राथमिक जिम्मेदारी है।इस दौरान उपनिदेशक समाज कल्याण मनोज कुमार यादव, सहायक निदेशक सूचना संदीप कुमार, अधिशासी अधिकारी मडराक विवेक गौर एवं केंद्र अधीक्षक उपेंद्र सिंह उपस्थित रहे।



