जिले के 4788 मिड-डे मील रसोइयों के सम्मान के साथ स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत संकल्प
जिले की दो रसोइया दीदी सुदेश देवी एवं पिंकी देवी को मुख्यमंत्री ने किया सम्मानित

कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में मुख्यमंत्री जी के रसोइया सम्मान समारोह का हुआ सजीव प्रसारण मानदेय बढ़कर हुआ 3 हजार रुपये, दुर्घटना पर 2 लाख रुपये की तत्काल सहायता और 5 लाख रुपये तक कैशलेस उपचार की सुविधाअलीगढ़ पीएम पोषण योजना के तहत लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित मिड-डे मील रसोइया सम्मान समारोह एवं कैशलेस चिकित्सा कार्ड वितरण कार्यक्रम का रविवार को कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में सजीव प्रसारण किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, विभागीय अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने गरिमामयी उपस्थिति दर्ज कर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के संबोधन एवं कार्यक्रम की कार्यवाही को देखा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी ने प्रदेश के मिड-डे मील रसोइयों के सम्मान और उनके सामाजिक एवं स्वास्थ्य सुरक्षा के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता को रेखांकित करते हुए चार महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने रसोइयों का मानदेय 2 हजार रुपये से बढ़ाकर 3 हजार रुपये प्रतिमाह करने, दुर्घटना की स्थिति में 2 लाख रुपये की तत्काल सहायता, 5 लाख रुपये तक कैशलेस चिकित्सा सुविधा और साड़ी के लिए दी जाने वाली धनराशि को 500 रुपये से बढ़ाकर 1 हजार रुपये करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री जी ने कहा कि पीएम पोषण योजना के माध्यम से रसोइये केवल बच्चों का पेट भरने का कार्य नहीं कर रहे, बल्कि उन्हें पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराकर प्रदेश के बचपन को स्वस्थ एवं मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रहे हैं। ऐसे में उनके स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा की चिंता भी सरकार की प्राथमिकता है। इसी उद्देश्य से प्रदेश के 3.54 लाख से अधिक रसोइयों को कैशलेस चिकित्सा सुविधा का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।उन्होंने कहा कि कैशलेस चिकित्सा सुविधा के अंतर्गत रसोइये निर्धारित इंपैनल्ड अस्पतालों में उपचार करा सकेंगे। इससे बीमारी अथवा आकस्मिक स्वास्थ्य समस्या की स्थिति में उन्हें उपचार के लिए आर्थिक कठिनाइयों का सामना नहीं करना पड़ेगा। साथ ही दुर्घटना की स्थिति में बैंकिंग व्यवस्था के माध्यम से 2 लाख रुपये की तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है।मुख्यमंत्री जी ने रसोइयों के कार्य की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि विद्यालयों में बच्चों को पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में उनकी भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। सरकार द्वारा विद्यालयों में एलपीजी की व्यवस्था किए जाने से रसोइयों को लकड़ी एवं कोयले के धुएं से भी राहत मिली है। रसोइयों के मानदेय में लगातार वृद्धि, स्वास्थ्य सुरक्षा, चिकित्सा सुविधा और अन्य कल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से सरकार उनके जीवन को अधिक सुरक्षित एवं सम्मानजनक बनाने की दिशा में कार्य कर रही है।कार्यक्रम में बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह ने बताया कि प्रदेश के विद्यालयों में प्रतिदिन लगभग एक करोड़ 46 लाख बच्चों के लिए भोजन तैयार किया जाता है। उन्होंने रसोइयों के मानदेय में एक हजार रुपये की वृद्धि को महत्वपूर्ण एवं सराहनीय पहल बताते हुए कहा कि प्रदेश सरकार बच्चों की शिक्षा, पोषण और स्वास्थ्य के साथ-साथ विद्यालयी व्यवस्था से जुड़े कार्मिकों के हितों पर भी विशेष ध्यान दे रही है। उन्होंने बताया कि विद्यालयों में बच्चों को निःशुल्क पाठ्य पुस्तकें, यूनिफॉर्म, जूते-मोजे एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने कहा कि सरकार के निरंतर प्रयासों से विद्यालयों में ड्रॉपआउट दर में उल्लेखनीय कमी आई है। बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराने के साथ ही पीएम पोषण योजना के माध्यम से उनके पोषण स्तर में सुधार पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है।कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में आयोजित सजीव प्रसारण के दौरान उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने कहा कि रसोइयों का सम्मान, मानदेय में वृद्धि और स्वास्थ्य सुरक्षा का मजबूत कवच प्रदेश सरकार की संवेदनशील एवं कल्याणकारी सोच को दर्शाता है। कैशलेस चिकित्सा कार्ड की सुविधा से रसोइयों एवं उनके परिवारों को उपचार के समय आर्थिक राहत मिलेगी और उनका मनोबल भी बढ़ेगा। उन्होंने कहा कि पीएम पोषण योजना को प्रभावी ढंग से संचालित करने में रसोइयों की भूमिका आधारभूत है। सरकार द्वारा उनके सम्मान और सामाजिक सुरक्षा को प्राथमिकता दिए जाने से विद्यालयों में बच्चों को गुणवत्तापूर्ण एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने की व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी। यह पहल रसोइयों के कल्याण के साथ-साथ प्रदेश के बच्चों के बेहतर स्वास्थ्य, पोषण और उज्ज्वल भविष्य की दिशा में भी महत्वपूर्ण कदम है जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी आलोक कुमार सिंह ने बताया कि जिले में 2262 विद्यालय मध्यान्ह योजना से आच्छादित हैं। इनमें 4788 रसोइयों द्वारा 2 लाख 21000 से अधिक विद्यार्थियों के लिए प्रतिदिन भोजन तैयार किया जाता है। उन्होंने बताया कि जिले से लखनऊ गई रसोईया दीदी सुदेश देवी और पिंकी देवी को मुख्यमंत्री जी द्वारा कार्यक्रम में सम्मानित भी किया गया है।
इस अवसर पर एमएलसी ऋषिपाल सिंह, डॉ0 मानवेंद्र प्रताप सिंह, विधायक कोल अनिल पाराशर, विधायक छर्रा रविंद्र पाल सिंह, जिला अध्यक्ष बीजेपी कृष्ण पाल सिंह, मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी, शिक्षक संगठनों के अध्यक्ष महामंत्री एवं उनके प्रतिनिधि और पार्टी पदाधिकारीगण, शिक्षकगण व कर्मचारी उपस्थित रहे।



