मातृशक्ति को सम्मान की सौगात, 60 वर्ष से अधिक आयु की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा शुरू
लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति निःशुल्क बस यात्रा योजना

अलीगढ़ मातृशक्ति के सम्मान, स्वावलंबन और सुरक्षित एवं सुगम आवागमन को बढ़ावा देने की दिशा में उत्तर प्रदेश सरकार ने एक और महत्वपूर्ण पहल की है। ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति निःशुल्क बस यात्रा योजना’ के तहत 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को प्रदेश की रोडवेज बसों में निःशुल्क यात्रा की सुविधा प्रदान की जाएगी। इस योजना का शुभारंभ प्रदेश स्तर पर आयोजित कार्यक्रम के माध्यम से किया गया, जिसका सजीव प्रसारण कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि 29 अगस्त के बाद प्रदेश की 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं से उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम की बसों में किराया नहीं लिया जाएगा। उत्तर प्रदेश की महिलाएं अपना मतदाता पहचान पत्र अथवा आधार कार्ड दिखाकर प्रदेश के भीतर कहीं भी निःशुल्क यात्रा कर सकेंगी। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर का नाम महिला स्वावलंबन, न्याय और जनकल्याण के क्षेत्र में अत्यंत सम्मान के साथ लिया जाता है। उन्हीं की प्रेरणा को आगे बढ़ाते हुए यह योजना मातृशक्ति के सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में आधी आबादी को विकास की मुख्यधारा से जोड़ने के लिए बेटी की शिक्षा से लेकर रोजगार, उद्यमिता, सुरक्षा और सम्मान तक अनेक योजनाएं संचालित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश में बेटियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जा रही है। महिला पुलिस बटालियन, पिंक बूथ जैसी व्यवस्थाओं के साथ महिलाओं के लिए सुरक्षित वातावरण तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि सरकार जल्द ही 50 हजार बेटियों को स्कूटी देने की दिशा में भी कदम बढ़ा रही है।रक्षाबंधन पर माताओं-बहनों-बेटियों को भी निःशुल्क यात्रा कार्यक्रम में रक्षाबंधन के अवसर पर प्रदेश सरकार द्वारा दी जा रही दूसरी महत्वपूर्ण सौगात की भी जानकारी दी गई। 27 अगस्त की शाम से 29 अगस्त की मध्यरात्रि तक प्रदेश की रोडवेज बसों में माताओं, बहनों एवं बेटियों को निःशुल्क यात्रा की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। इससे बहनों को रक्षाबंधन पर्व पर अपने मायके जाने और परिवार के साथ पर्व मनाने में आवागमन की सुविधा मिलेगी।परिवहन मंत्री दयाशंकर दयालु ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पिछले वर्ष रक्षाबंधन पर माताओं-बहनों को निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा देकर सरकार ने उन्हें विशेष उपहार दिया था। इस वर्ष भी रक्षाबंधन के अवसर पर निःशुल्क यात्रा की सुविधा देकर सरकार ने मातृशक्ति के प्रति सम्मान और संवेदनशीलता का परिचय दिया है। उन्होंने कहा कि जिस घर में नारी का सम्मान होता है, उस घर में लक्ष्मी का वास होता है।जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती विजय सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए लगातार प्रभावी कदम उठाए जा रहे हैं। 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा मातृशक्ति के सम्मान के साथ-साथ उनके आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में सराहनीय पहल है। रक्षाबंधन पर सभी माताओं, बहनों और बेटियों को निःशुल्क यात्रा की सुविधा मिलने से वे बिना किसी आर्थिक चिंता के अपने मायके और परिजनों तक पहुंच सकेंगी। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों से प्रेरित यह योजना महिलाओं को सम्मान, सुविधा और आत्मविश्वास प्रदान करेगी।कार्यक्रम के दौरान परिवहन विभाग की ओर से उपस्थित प्रत्येक महिला को सम्मान स्वरूप साड़ी एवं मिष्ठान भेंट किया गया। महिलाओं ने सरकार की इस पहल के लिए आभार व्यक्त करते हुए कहा कि निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा से विशेष रूप से बुजुर्ग महिलाओं को काफी लाभ मिलेगा और रक्षाबंधन पर मायके जाने वाली बहनों के लिए यह सुविधा बड़ी सौगात है।इस अवसर पर सांसद सतीश कुमार गौतम, एमएलसी मानवेन्द्र प्रताप सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष श्री कृष्ण पाल सिंह, मेयर प्रशांत सिंघल, मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार, क्षेत्रीय प्रबंधक उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम सत्येंद्र कुमार वर्मा, जिला कार्यक्रम अधिकारी केके राय, सहायक निदेशक संदीप कुमार, एआरएम सहित अन्य अधिकारी एवं पार्टी पदाधिकारी उपस्थित रहे।



