भव्य विधानसभा भवन में दिखी नए उत्तर प्रदेश की विकास गाथा
थ्री-डी तकनीक के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों का अवलोकन रहा प्रेरणादायी

अलीगढ़। लखनऊ स्थित विधानसभा भवन का भ्रमण भव्यता, स्थापत्य सौंदर्य और आधुनिक तकनीक के अद्भुत संगम का अनुभव रहा। विशाल एवं आकर्षक विधानसभा परिसर की गरिमा देखते ही बनती है। योगी सरकार द्वारा प्रदेश में कराए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों और बदलते उत्तर प्रदेश की तस्वीर भी यहां प्रभावशाली ढंग से देखने को मिली।भ्रमण के दौरान विधानसभा में स्थापित 3-डी तकनीक के माध्यम से प्रदेश के प्रमुख धार्मिक, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक स्थलों का अवलोकन विशेष रूप से प्रेरणादायी रहा। हेलीकॉप्टर के दृष्टिकोण से लखनऊ, मथुरा के पवित्र मंदिरों, अयोध्या के भव्य श्रीराम मंदिर, माता कौशल्या द्वारा सीता को मुंह दिखाई में दिए गए कनक भवन, दशरथ महल तथा सरयू नदी के विहंगम दृश्य ने मन मोह लिया।अयोध्या के लता मंगेशकर चौक पर स्थापित 14 टन वजनी और 40 मीटर लंबी आकर्षक वीणा की भव्यता भी 3-डी प्रस्तुति के माध्यम से जीवंत हो उठी। इसी क्रम में महामना मदन मोहन मालवीय द्वारा स्थापित बनारस हिंदू विश्वविद्यालय और प्रयागराज के कुंभ की झलक ने प्रदेश की गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत से परिचित कराया।विधानसभा भ्रमण केवल एक भवन को देखने का अवसर नहीं, बल्कि विकास, विरासत, संस्कृति और आधुनिक तकनीक के माध्यम से नए उत्तर प्रदेश की तस्वीर देखने का अनूठा अनुभव रहा।



