कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में फिजिक्स वाला के सहयोग से 15 को होगा ओरिएंटेशन कार्यक्रम
डीएम की पहल पर प्रतियोगी अभ्यर्थियों को मिलेगी निःशुल्क ऑनलाइन शिक्षा

अलीगढ़ : जिले के प्रतिभावान विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को नई गति देने के लिए जिलाधिकारी अविनाश कुमार के निर्देशन में जिला प्रशासन ने अभिनव पहल की है। इसके तहत आईएएस-पीसीएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को फिजिक्स वाला के उपयोगी ऑनलाइन बैच का निःशुल्क सब्सक्रिप्शन उपलब्ध कराया जाएगा।इसी पहल के तहत 15 सितंबर को 12 बजे कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में फिजिक्स वाला के सहयोग से विद्यार्थियों का ओरिएंटेशन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में विद्यार्थियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं उपलब्ध ऑनलाइन पाठ्यक्रमों की जानकारी दी जाएगी।यह पहल जिलाधिकारी के मुकुंदपुर स्थित अंबेडकर छात्रावास के हालिया भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों से हुए संवाद का परिणाम है। विद्यार्थियों की अध्ययन संबंधी जरूरतों को समझने के बाद जिलाधिकारी ने आधुनिक डिजिटल शिक्षा को उनकी तैयारी से जोड़ने की दिशा में पहल की। मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत नीट, जेईई, इंजीनियरिंग एवं एनडीए की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को भी उनकी आवश्यकता के अनुरूप ऑनलाइन पाठ्यक्रमों से जोड़ने की योजना है।



