अलीगढ़

सेवा संकल्प अभियान को जन-जन तक पहुंचाने के लिए जिले में चलेगा माहभर विशेष अभियान

विकास कार्यों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाना

अलीगढ़  सेवा संकल्प अभियान को जिले में प्रभावी एवं व्यापक रूप से संचालित करने के लिए मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को सभी जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक आयोजित की गई। दो घण्टे चली वर्चुअल बैठक में सीडीओ ने अभियान को पूरी गंभीरता, संवेदनशीलता और जनभागीदारी के साथ संचालित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं, विकास कार्यों और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने के साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ दिलाना है। इस संबंध में मा. मुख्यमंत्री एवं मुख्य सचिव द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से भी आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।
सीडीओ ने बताया कि जिले की विस्तृत कार्ययोजना को प्रदेश स्तर पर भेजा जा चुका है और विभिन्न कार्यक्रमों के लिए नोडल अधिकारियों की भी नियुक्ति की गई है। नामित नोडल अधिकारी निरंतर क्षेत्रीय भ्रमण एवं निरीक्षण करते हुए कार्यक्रमों की प्रगति का अनुश्रवण करेंगे एवं शासन स्तर पर रिपोर्ट उपलब्ध कराएंगे।उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार के 12 वर्षों एवं प्रदेश सरकार के 10 वर्षों के विकास कार्यों व प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सेवाकाल की उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। अभियान के दौरान विकास और जनकल्याण से जुड़े कार्यों को आमजन तक पहुंचाने के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी।सीडीओ ने बताया कि 17 सितंबर को प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के जन्मदिन के अवसर पर सेवा दिवस के रूप में विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अंतर्गत विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों के घरों, मंदिरों, आंगनबाड़ी केंद्रों, पंचायत भवनों, अन्नपूर्णा भवनों, विद्यालयों, पार्कों, शासकीय कार्यालयों एवं निर्माणाधीन इकाइयों सहित विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर दीप प्रज्ज्वलन, रक्तदान शिविर और दिव्यांग कल्याण से संबंधित कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।उन्होंने बताया कि पूरे माह अभियान के तहत ‘मेरे सपनों का भारत’ कार्यक्रम में विद्यालयों में चित्रकला, भाषण एवं निबंध प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। ‘विकसित भारत-विकसित यूपी’ थीम पर डिबेट, ‘नमो सेवा अनकहानियां’ के तहत नुक्कड़ नाटक, ‘आंगन मिलन सेवा’, ‘सेवा ज्योति कलश यात्रा’ एवं ‘सेवा सेतु अभियान’ के अंतर्गत ब्लॉक स्तर पर शिविरों का आयोजन किया जाएगा। इसके साथ ही श्रमदान, स्वास्थ्य एवं योग शिविर, वृक्षारोपण सहित कुल 12 प्रमुख कार्यक्रमों के माध्यम से अभियान को व्यापक जनभागीदारी से संचालित किया जाएगा।
मुख्य विकास अधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत होने वाले प्रत्येक परिवर्तनकारी कार्य की ‘पहले और बाद’ की फोटोग्राफी अनिवार्य रूप से कराई जाए, ताकि कार्य की वास्तविक प्रगति एवं उसके प्रभाव को स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जा सके। वृक्षारोपण एवं श्रमदान कार्यक्रमों में केवल सरकारी व्यवस्था तक सीमित न रहते हुए स्थानीय नागरिकों एवं विभिन्न सामाजिक संगठनों की सक्रिय जनभागीदारी सुनिश्चित की जाए। कार्यक्रमों के दौरान साइबर सुरक्षा के प्रति भी आमजन को जागरूक किया जाए। उन्होंने निर्देशित किया कि प्रत्येक शिविर एवं स्टॉल पर शिकायती रजिस्टर अनिवार्य रूप से उपलब्ध रहे, जिससे आमजन अपनी समस्याएं एवं सुझाव दर्ज करा सकें और उनका समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके। साथ ही पूरे माह विशेष अभियान चलाकर महिला स्वयं सहायता समूहों को बड़े स्तर पर मार्केट लिंकेज उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जाए, जिससे समूहों की आय एवं स्वरोजगार के अवसरों में वृद्धि हो।
सीडीओ ने सभी अधिकारियों को अपनी-अपनी विभागीय कार्ययोजना जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी को अनिवार्य रूप से उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अभियान के अंतर्गत आयोजित प्रत्येक कार्यक्रम का डिजिटाइजेशन एवं अभिलेखीकरण सुनिश्चित किया जाए। प्रत्येक कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों की सक्रिय एवं बढ़-चढ़कर भागीदारी सुनिश्चित करने के साथ जनसहभागिता को अभियान की प्रमुख ताकत बनाया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को विशेष रूप से निर्देशित किया कि पूरे माह सरकार द्वारा संचालित जनकल्याणकारी योजनाओं से अब तक छूटे हुए पात्र व्यक्तियों को चिन्हित कर उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान केवल कार्यक्रम आयोजन तक सीमित न रहे, बल्कि इसका वास्तविक लाभ अंतिम पायदान पर खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
बैठक में एडीएम प्रशासन सौरभ भट्ट, जिला पर्यटन अधिकारी अनुपम कुमार श्रीवास्तव, जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी ए.के. दीक्षित सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी, अधिशासी अभियंता, अधिशासी अधिकारी एवं खंड विकास अधिकारी वर्चुअल माध्यम से जुड़े और अभियान के सफल आयोजन के संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश प्राप्त किए।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!