हिंदी दिवस पर जे.एम. पब्लिक स्कूल में विद्यार्थियों ने लिया हिंदी के प्रचार-प्रसार का संकल्प
विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान एवं जागरूकता की भावना विकसित करना रहा

अलीगढ़। सासनी गेट स्थित जे.एम. पब्लिक स्कूल में हिंदी दिवस के अवसर पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों द्वारा विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में हिंदी भाषा के प्रति प्रेम, सम्मान एवं जागरूकता की भावना विकसित करना रहा।इस अवसर पर विद्यालय के छात्र-छात्राओं विराट, पल्लवी, खुशबू एवं रचना ने हिंदी भाषा के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा की उपयोगिता, समृद्ध साहित्यिक परंपरा तथा दैनिक जीवन में हिंदी के अधिक से अधिक प्रयोग पर प्रकाश डाला।विद्यालय की शिक्षिकाओं पूजा, ज्योति एवं कमलेश ने विद्यार्थियों को हिंदी दिवस के महत्व की जानकारी देते हुए कहा कि हिंदी केवल संवाद का माध्यम ही नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और भावनाओं से जुड़ी भाषा है। उन्होंने विद्यार्थियों को हिंदी के प्रति सम्मान बनाए रखने तथा इसके प्रचार-प्रसार में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा से संबंधित कविताएं, भाषण एवं अन्य रचनात्मक प्रस्तुतियां भी दीं। विद्यालय परिसर में हिंदी के प्रति उत्साह और जागरूकता का वातावरण देखने को मिला। अंत में सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने हिंदी भाषा के सम्मान, संरक्षण और प्रचार-प्रसार का संकल्प लिया।



