डीएम की पहल से जिले के होनहारों को मिली डिजिटल शिक्षा की ताकत
आईएएस-पीसीएस से लेकर नीट, जेईई और एसएससी तक की तैयारी में मिलेगा निःशुल्क डिजिटल संसाधनों का लाभ

अलीगढ़ : प्रतिभा को संसाधनों की कमी के कारण पीछे न रहना पड़े और जिले के होनहार विद्यार्थी प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में बेहतर प्रदर्शन कर सकें, इसके लिए जिलाधिकारी अविनाश कुमार की विशेष पहल पर जिला प्रशासन ने विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल शिक्षा से जोड़ने की अभिनव शुरुआत की है। इसके तहत मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के साथ आईएएस-पीसीएस सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को फिजिक्स वाला के उपयोगी ऑनलाइन बैच का निःशुल्क सब्सक्रिप्शन उपलब्ध कराया जाएगा।मंगलवार को कल्याण सिंह हैबिटेट सेंटर में आयोजित कार्यक्रम का मॉ सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ उत्तर प्रदेश सरकार के मा0 गन्ना विकास एवं चीनी मिलें विभाग के मंत्री एवं जनपद प्रभारी मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने किया। इस अवसर पर क्षेत्रीय विधायकगण, विधान परिषद सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उपस्थित रहकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में जिला प्रशासन एवं फिजिक्स वाला के प्रतिनिधियों द्वारा विद्यार्थियों को डिजिटल प्लेटफॉर्म एवं ऑनलाइन अध्ययन की सुविधाओं की जानकारी दी गईछात्रों से संवाद से निकली डिजिटल शिक्षा की पहल:जिलाधिकारी अविनाश कुमार कुछ समय पूर्व आगरा रोड स्थित मुकुंदपुर के आंबेडकर छात्रावास पहुंचे थे। यहां करीब 100 विद्यार्थी आवासीय सुविधा का लाभ लेते हुए सिविल सेवा सहित विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई और अध्ययन संबंधी आवश्यकताओं को जाना। इसी दौरान जिलाधिकारी ने महसूस किया कि डिजिटल युग में विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक, गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री और विशेषज्ञ शिक्षकों के मार्गदर्शन से जोड़कर उनकी तैयारी को और प्रभावी बनाया जा सकता है। इसी सोच के साथ फिजिक्स वाला से समन्वय कर विद्यार्थियों को उनकी आवश्यकता के अनुरूप ऑनलाइन पाठ्यक्रमों से जोड़ने की व्यवस्था की गई।प्रभारी मंत्री ने सराहा विद्यार्थियों को डिजिटल संसाधनों से जोड़ने का प्रयास:कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मा0 जनपद प्रभारी मंत्री श्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने विद्यार्थियों के हित में की गई इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि आज के दौर में डिजिटल संसाधन षिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को नई दिषा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से उपलब्ध सुविधाओं का पूरी मेहनत और लगन के साथ लाभ उठाते हुए अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने का आह्वान किया। इस अवसर पर उपस्थित विधायकगण, विधान परिषद सदस्य, जिला पंचायत अध्यक्ष एवं अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।मा0 एमएलसी डा0 मानवेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि अभ्युदय योजना के माध्यम ये विद्यार्थियों को आगे बढ़ाने और उनके भविष्य को सुधारने का कार्य किया जा रहा है। सरकार सभी प्रकार से आपकी मदद कर रही है। मा0 मुख्यमंत्री जी हर कदम पर आपके साथ खड़े हैं। सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, जिले को एक बड़ी खुशी का इंतजार है।मा0 एमएलसी चौ0 ऋषिपाल सिंह ने कहा कि जीवन के संघर्षों से सैदव प्रेरणा लेनी चाहिए। छात्रावास के अंदर आप स्वयं अभिभावक होते हैं, कोई टोकने वाला नहीं होता। अपने पीछे खड़े भाई-बहनों को स्थान देने के लिए आपको सोचना, समझना और सफल होना पड़ेगा।जिलाधिकारी ने कहा कि जब सभी की सोच सकारात्मक होती है तो धरातल पर उतारने में समय नहीं लगता है। साधन हम दे सकते हैं, परन्तु मेहनत आपको करनी है, यदि आप पूरी मेहनत से पढ़ोगे तो आप सब कुछ पा सकते हो। बाधाओं और किस्मत को छड़ी घुमाकर दूर नहीं किया जा सकता, संघर्ष करना पड़ता है और संघर्ष बाधा नहीं समझना चाहिए। निःशुल्क सब्सक्रिप्शन के माध्यम से पढाई में तकनीक के गैप को दूर करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आप सभी को 25 लाख रूपये की लागत से लगभग 300 ऑनलाइन कोर्स मुहैया कराए जा रहे हैं, जिनकी मदद से आप सभी यूपीएससी, यूपीपीएससी, एसएससी, नीट और जेईई जैसी प्रतिष्ठित परीक्षाओं को बड़े अच्छे ढ़ंग से तैयारी कर सकेंगे।डायरेक्टर फिजिक्स वाला अमृत चौबे ने कहा कि अब ऑल इण्डिया टेस्ट सीरीज का एक्सेस विद्यार्थियों के पास होगा, इसके माध्यम से समय-समय पर आपका मूल्यांकन भी होगा। आपको अपनी क्षमता का ज्ञान तभी होगा जब आप ऑल इण्डिया टेस्ट सीरीज से गुजरेंगे।नीट, जेईई और एनडीए के विद्यार्थियों को भी मिलेगा लाभ:मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के अंतर्गत नीट, जेईई एवं एनडीए की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों को भी उनकी आवश्यकता के अनुरूप उपयोगी ऑनलाइन पाठ्यक्रमों से जोड़ने की योजना है। इससे विद्यार्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों, ऑनलाइन कक्षाओं और गुणवत्तापूर्ण अध्ययन सामग्री तक डिजिटल माध्यम से पहुंच मिल सकेगी। जिला प्रशासन का उद्देश्य है कि जिले की प्रतिभा आर्थिक अथवा संसाधनगत सीमाओं के कारण पीछे न रह जाए। जिलाधिकारी की इस पहल के माध्यम से विद्यार्थियों को बेहतर तैयारी के अवसर उपलब्ध कराने के साथ उन्हें आधुनिक शिक्षा व्यवस्था से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
इस अवसर पर मा0 सांसद श्री सतीश गौतम, मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती विजय सिंह, मा0 विधायक कोल श्री अनिल पाराशर, मा0 विधायक छर्रा ठा0 रवेन्द्रपाल सिंह, जिलाध्यक्ष श्री कृष्णपाल सिंह, प्रदीप कुमार, विजय विक्रम सिंह, डीएम अविनाश कुमार, एसएसपी नीरज कुमार जादौन, नगर आयुक्त प्रेम प्रकाश मीणा, सीडीओ योगेन्द्र कुमार, डीडीओ सुभाष नेमा, जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत मलिक, डीपीओ के0के0 राय, सीनियर मैनेजर फिजिक्स वाला नव्या द्विवेदी, यूपीएससी अध्यापक फिजिक्स वाला आदर्श कुमार समेत अन्य अधिकारी व जनप्रतिनधिगण और बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नीतू सारस्वत द्वारा किया गया।



