उत्तरप्रदेश उद्योगव्यापार प्रतिनिधि मंडल अलीगढ़ द्वारा
UPI पर MDR शुल्क के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन, वित्तमंत्री को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी के प्रतिनिधि को सौंपा

15 अक्टूबर से 2,000 रुपये से अधिक के UPI भुगतान पर MDR शुल्क लगाने का व्यापारियों ने किया विरोध UPI के माध्यम से भुगतान करने पर 15 अक्टूबर से 2,000 रुपये से अधिक के भुगतान पर 0.04 प्रतिशत तक MDR (Merchant Discount Rate) शुल्क लगाए जाने तथा इस शुल्क पर 18 प्रतिशत GST लगाने के प्रस्ताव के विरोध में उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रांतीय महामंत्री एवं महानगर अध्यक्ष सतीश माहेश्वरी के नेतृत्व में दर्जनों व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। व्यापारी नारेबाजी करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और जिलाधिकारी कार्यालय पर प्रतिनिधि ACM प्रथम श्री अनुराग भदौरिया को ज्ञापन सौंपकर प्रस्तावित शुल्क को तत्काल वापस लेने की मांग की।व्यापारियों को संबोधित करते हुए प्रांतीय महामंत्री एवं महानगर अध्यक्ष सतीश माहेश्वरी ने कहा कि सरकार ने स्वयं UPI और डिजिटल भुगतान को बढ़ावा दिया था। आज जब जनता और व्यापारियों ने इसे व्यापक रूप से अपना लिया है, तब 2,000 रुपये से अधिक के भुगतान पर 0.04 प्रतिशत तक MDR शुल्क लगाना व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक भार डालने वाला कदम है। उन्होंने कहा कि इस शुल्क के ऊपर 18 प्रतिशत GST लगाए जाने से भार और बढ़ जाएगा।
उन्होंने कहा कि P2P यानी व्यक्ति से व्यक्ति भुगतान को इस शुल्क से मुक्त रखा गया है, जबकि व्यापारियों से संबंधित भुगतान पर शुल्क लगाया जा रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि कोई भी व्यापारी लंबे समय तक इस अतिरिक्त शुल्क का भार अपनी जेब से कैसे वहन कर सकता है। अंततः व्यापारी को इस लागत को अपने माल की कीमत में शामिल करना ही पड़ेगा और इसका प्रभाव उपभोक्ताओं पर पड़ेगा।
सतीश माहेश्वरी ने कहा कि उद्यमी एवं व्यापारी इस प्रस्ताव का पुरजोर विरोध करते है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने इस शुल्क को वापस नहीं लिया तो उत्तर प्रदेश उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल द्वारा देशभर में इसके विरोध में आंदोलन किया जाएगा।
ज्ञापन सौंपने के दौरान: प्रांतीय महामंत्री एवं महानगर अध्यक्ष सतीश माहेश्वरी के साथ प्रदेश उपाध्यक्ष श्री राजीव जैन, महानगर महामंत्री घनश्याम दास जैन, श्रीकिशन गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष हनुमंत राम गांधी, गणेश गुप्ता घूंघट, अनुपम वार्ष्णेय, विकास शर्मा, गर्वित माहेश्वरी, संदीप वार्ष्णेय, विनय जैन, अनिल दत्त शर्मा, मोहमद सलमान, गौरव गुप्ता, संदीप मित्तल, मयंक जैन, कमल कांत गुप्ता, ऋषि वार्ष्णेय एवं अरविंद सक्सेना सहित बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।



