अलीगढ़

जिला नशा मुक्ति उपचार केंद्र की स्थापना पर हुई चर्चा, प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश

नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने के साथ युवाओं को नशे से दूर रखने के लिए चलाएं जागरूकता अभियान

अलीगढ़  जिले में नशे के अवैध कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने, युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे की लत से बचाने और नशा पीड़ितों को उपचार एवं पुनर्वास की बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से अपर जिलाधिकारी नगर संगीता देवी की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में एनकोर्ड समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ नशा उन्मूलन के लिए ठोस, प्रभावी एवं परिणामपरक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
अपर जिलाधिकारी नगर ने कहा कि नशे की समस्या केवल कानून-व्यवस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं के भविष्य, परिवारों और समाज के स्वास्थ्य से जुड़ा गंभीर विषय है। इसके प्रभावी नियंत्रण के लिए एक ओर नशीले पदार्थों की अवैध बिक्री एवं आपूर्ति पर सख्ती से रोक लगाई जाए, वहीं दूसरी ओर जनजागरूकता, काउंसलिंग एवं उपचार के माध्यम से नशे की गिरफ्त में आए लोगों को मुख्यधारा से जोड़ने के प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए नशा मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।
उन्होंने जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. पूरन सिंह को निर्देशित किया कि जिले के सभी विद्यालयों में प्रार्थना सभाओं के दौरान विद्यार्थियों को नशा मुक्ति की शपथ दिलाई जाए। इसके साथ ही नशे के दुष्परिणामों, शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य पर पड़ने वाले प्रभावों और इससे बचाव के उपायों के संबंध में नियमित जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि किशोरावस्था से ही बच्चों में नशे के प्रति जागरूकता एवं इससे दूर रहने की सकारात्मक सोच विकसित हो सके।
बैठक में मेडिकल कॉलेज से उपस्थित डॉ. श्रेया ने बताया कि अक्टूबर माह में मेडिकल कॉलेज में नशा उन्मूलन एवं उपचार के लिए लगभग 201 मरीज पहुंचे, जिनमें करीब 125 मरीज फॉलोअप के थे, जबकि शेष नए मरीज थे। उन्होंने बताया कि नशा मुक्ति उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज में 10 बेड आरक्षित किए गए हैं। इस पर अपर जिलाधिकारी नगर ने जिले में जिला नशा मुक्ति उपचार केंद्र की स्थापना के संबंध में प्रस्ताव तैयार कर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिए, जिससे नशे की गंभीर लत से प्रभावित मरीजों को भर्ती कर उपचार की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा सके। वर्तमान में इस प्रकार की सुविधा गाजियाबाद में उपलब्ध होने की जानकारी दी गई।
पुलिस विभाग को निर्देशित किया गया कि नशे के अवैध कारोबार एवं सेवन पर प्रभावी नियंत्रण के लिए समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जाएं। स्लम क्षेत्रों, निष्प्रयोज्य एवं खाली पड़े भवनों, फैक्ट्रियों और अन्य संदिग्ध स्थानों पर नियमित चेकिंग एवं छापेमारी की जाए। पुलिस विभाग द्वारा अवगत कराया गया कि विगत माह नशे से संबंधित 9 प्रकरणों में 15 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अतिरिक्त संबंधित विभागों को निर्देश दिए गए कि ऐसी दवाइयों, कैप्सूल, सिरप एवं अन्य सामग्री, जिनका दुरुपयोग नशे के रूप में किया जा सकता है, उनकी मांग, आपूर्ति एवं बिक्री पर विशेष निगरानी रखी जाए। संदिग्ध गतिविधियां सामने आने पर तत्काल जांच एवं नियमानुसार प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अपर जिलाधिकारी नगर ने कहा कि नशा मुक्ति के प्रयासों को केवल अभियान तक सीमित न रखते हुए निरंतर जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ाया जाए। विद्यालयों, चिकित्सा संस्थानों, पुलिस एवं संबंधित विभागों के समन्वित प्रयासों से नशे की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के साथ नशा पीड़ितों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
बैठक में जिला आबकारी अधिकारी डी0 के0 गुप्ता, आबकारी निरीक्षक सुनील कुमार वर्मा, डॉ अमित शर्मा, रेंजर गौरव कुमार, जिला प्रोवेशन कार्यालय से नीतू सारस्वत, हितेश कुमारी, जिला पीटीआई सुशील शर्मा एवं पुलिस विभाग से अधिकारीगण उपस्थित रहे।
—–

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!