कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय मंजूरगढ़ी में समर कैंप का भव्य आयोजन
छात्राओं ने खेलकूद, चित्रकला, निबंध लेखन, योग प्रदर्शन, हस्तकला कार्यशाला, सिलाई, कढ़ाई, मंेहदी, केश सज्जा, पाक कला जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक किया प्रतिभाग

अलीगढ़ कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, मंजूरगढ़ी में शुक्रवार को एक दिवसीय समर कैंप का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिलाधिकारी संजीव रंजन एवं मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने छात्राओं की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से बालिकाओं की सृजनात्मकता, आत्मविश्वास एवं व्यक्तित्व विकास को नया आयाम मिलता है। उन्होंने विद्यालय प्रशासन को ऐसी गतिविधियों के नियमित आयोजन के लिए प्रेरित किया।समर कैंप के अंतर्गत छात्राओं ने विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं, चित्रकला, निबंध लेखन, योग प्रदर्शन, हस्तकला कार्यशाला, गृह विज्ञान विषय में सिलाई, कढ़ाई, मंेहदी, केश सज्जा, पाक कला जैसी गतिविधियों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। इसके अतिरिक्त छात्राओं द्वारा प्रस्तुत किए गए सांस्कृतिक कार्यक्रमों- नृत्य, समूह गान, नाटक ने उपस्थित अतिथियों एवं दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। विद्यालय की छात्राओं में डीएम-सीडीओ को टीका लगाकर सम्मानित किया और मौसमी फलों, सब्ज़ियों की महत्ता के बारे मे बताया।विद्यालय की वार्डन अन्जू सिंह ने सभी अतिथियों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि समर कैंप का उद्देश्य छात्राओं को पाठ्यक्रम के अतिरिक्त गतिविधियों से जोड़ना एवं उन्हें मानसिक व शारीरिक रूप से सशक्त बनाना है। कार्यक्रम का संचालन विद्यालय की र्वाउन की अगुवाई में किया गया एवं समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।पीएमश्री कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय का किया निरीक्षण:डीएम-सीडीओ ने कस्तूरबा गॉधी बालिका विद्यालय के उपरांत पीएमश्री कम्पोजिट उच्च प्राथमिक विद्यालय का भी निरीक्षण किया। डीएम ने इस दौरान विद्यालय में बाल वाटिका का फीता काटकर लोकार्पण किया और कम्प्यूटर लैब में विद्यार्थियों से कम्प्यूटर का संचालन भी देखा। विद्यालय में विद्यार्थियों के मध्य जलेबी दौड़, खों-खांे, रंगोली प्रतियोगिता भी हुईं।इस अवसर पर बीएसए राकेश कुमार सिंह, एबीएसए सुनील दत्त मुद्गल, एएओ ज्ञानेन्द्र कुमार, पीटीआई सुशील कुमार, पीएमश्री कम्पोजिट विद्यालय की प्रधानाचार्या तबस्सुम समेत अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं, जिला समन्वयक एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।



