शिक्षिका के असमय निधन से बेसिक शिक्षा विभाग में छाई शोक की लहर
विकास खंड अमांपुर के प्राथमिक विद्यालय किशोरपुर की प्रधान अध्यापिका श्वेता मिश्रा का बुधवार तड़के निधन होने से शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ गई

विकास खंड अमांपुर के प्राथमिक विद्यालय किशोरपुर की प्रधान अध्यापिका श्वेता मिश्रा का बुधवार तड़के निधन होने से शिक्षकों में शोक की लहर दौड़ गई। करीब चालीस वर्षीय मृतका शिक्षिका गंभीर बीमारी से पीड़ित थी। बुधवार सुबह अलीगढ़ अस्पताल में उन्होंने आखिरी सांस ली। उनके निधन से विभाग को क्षति हुई है। पारिवारिक स्वजन मनोज सोलंकी ने बताया कि बचपन से मेधावी रही शिक्षिका को वर्ष 2021 में केंद्रीय शिक्षा मंत्री रमेश पोखरियाल ने राष्ट्रीय पुरस्कार से सम्मानित किया था। पुनः वर्ष 2023 में उनको राज्य पुरस्कार भी मिला। अमांपुर के मक्खनलाल इंटर कॉलेज के पूर्व प्रवक्ता स्व.पी के मिश्र की चार बेटियों में से सबसे छोटी बेटी थी। पति डॉ सत्येंद्र दीक्षित के साथ कासगंज में निवास करती थीं। उनके निधन कर विद्यालय साथियों सहित समूचे शिक्षक जगत में शोक व्याप्त हो गया। प्राथमिक शिक्षक संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष दिलीप यादव, महामंत्री मुनेश राजपूत, उपाध्यक्ष अंकित पुंढीर, जिला मीडिया प्रभारी दीपक मिश्र, ब्लॉक अध्यक्ष राजेश यादव, ब्लॉक मंत्री रुद्र प्रताप सिंह सहित अन्य पदाधिकारियों ने उनके निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।



