दीपों से जगमगाया अचलताल गणेश मंदिर परिसर, दीपों से बिखरी अद्भुत छटा
देव दीपावली पर्व पर उमड़ी श्रद्धा, गूंजे जयकारे

अलीगढ़। अचलताल स्थित प्राचीन सिद्धपीठ गणेश मंदिर में बुधवार को देव दीपावली पर्व धूमधाम से मनाया गया। पूरे मंदिर परिसर और अचलताल सरोवर के चारों ओर दीपों की अद्भुत छटा से वातावरण आलोकित हो उठा। श्रद्धालुओं ने दीप जलाकर देवताओं के इस प्रमुख पर्व का उल्लासपूर्वक स्वागत किया।

महाआरती के दौरान हर हर महादेव और जय गणेश देवा के जयघोष से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। शाम सात बजे शुरू हुई भव्य आरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया। आरती के उपरांत भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।
इस मौके पर मंदिर महंत विनयनाथ महाराज ने बताया कि इस वर्ष विशेष रूप से अचलताल क्षेत्र के सभी मंदिरों, राम मंदिर, हनुमान मंदिर, राधा गोविंद मंदिर, वैष्णो मंदिर, नटराज मंदिर, महर्षि वाल्मीकि मंदिर, जाहरवीर मंदिर, भैरों मंदिर, महामाया मंदिर, त्रिमूर्ति मंदिर, दाऊजी मंदिर, गंगा-यमुना मंदिर और वराह भगवान मंदिर को भी दीपों से सजाया गया।
महंत जी ने कहा कि अबकी बार पूरा अचलताल क्षेत्र देव दीपावली की रोशनी में नहाया, जो हमारे भक्तों के उत्साह और आस्था का प्रतीक है।
मीडिया प्रभारी ललित वार्ष्णेय ने बताया कि आयोजन से पूर्व मंदिर परिसर में रंगोली सजाई गई और भक्तों द्वारा श्रद्धानुसार घी, दीपक, रुई, मोमबत्ती व प्रसाद का दान किया गया। भक्तों के सहयोग से पूरा मंदिर परिसर दीपमालाओं से ऐसे जगमगाया कि दृश्य मानो स्वर्ग का आभास करा रहा था। आज के दिन महंत विनय नाथ जी महाराज का जन्मदिन भी है भक्तों द्वारा केक कटवाया गया,,
इस अवसर पर स्वामी पूर्णानंदपुरी महाराज,ब्लॉक प्रमुख अकराबाद राहुल कुमार, पूर्व मेयर शकुंतला भारती,, विष्णु कुमार बंटी, शिवकुमार गुप्ता एडवोकेट,संत सेवा समिति के सदस्य, एवं सैकड़ों श्रद्धालु उपस्थित रहे।



