अलीगढ़

ओटी सुरक्षा को लेकर प्रशासन सख्त, सभी अस्पतालों में नियमित सैनिटाइजेशन सुनिश्चित

मरीजों की सुरक्षा सर्वाेपरि: मानकों के अनुरूप संचालित हो रहे ऑपरेशन थियेटर

-योगेन्द्र कुमार, प्रभारी डीएम अलीगढ़ : ऑपरेशन थियेटर की स्वच्छता और मरीजों की सुरक्षा के संबंध में जिला प्रशासन द्वारा त्वरित संज्ञान लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी से विस्तृत आख्या प्राप्त की गई है। सीएमओ डॉ नीरज त्यागी ने आख्या में स्पष्ट किया है कि जिले के सभी पंजीकृत चिकित्सालयों में संचालित ऑपरेशन थियेटर निर्धारित मानकों के अनुरूप सुरक्षित रूप से संचालित हो रहे हैं और संक्रमण रोकथाम के लिए नियमित सैनिटाइजेशन सुनिश्चित किया जा रहा है।मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अनुसार सभी पंजीकृत अस्पतालों में ऑपरेशन थियेटर को प्रतिदिन आधुनिक फ्यूमिगेशन मशीन के माध्यम से प्रभावी डिसइन्फेक्टेंट से सैनिटाइज किया जाता है। कुछ चिकित्सालयों में अतिरिक्त रूप से फॉर्मेलीन का भी उपयोग किया जा रहा है, जिससे बैक्टीरिया, वायरस एवं अन्य कीटाणुओं का प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित हो सके। प्रत्येक अस्पताल में दैनिक सैनिटाइजेशन का विवरण लॉगबुक में दर्ज किया जाता है, जिसका समय-समय पर उच्चाधिकारियों द्वारा निरीक्षण भी किया जाता है।उन्होंने यह भी अवगत कराया गया है कि जिले में जहां ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध है, वहीं निर्धारित मानकों के अनुरूप ऑपरेशन थियेटर संचालित हैं। जिन चिकित्सालयों में ऑपरेशन की सुविधा उपलब्ध नहीं है, वहां ओटी संचालित नहीं किए जा रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग द्वारा नियमित निरीक्षण के माध्यम से सभी मानकों का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराया जा रहा है।पंजीकरण की स्थिति के संबंध में डॉ त्यागी ने बताया कि जिले में 523 चिकित्सालयों, नर्सिंग होम, लैब एवं क्लीनिकों ने पंजीकरण के लिए आवेदन किया था, जिनमें से 334 संस्थान मानक पूरे करने पर पंजीकृत किए गए, शेष 189 आवेदनों में प्रारंभिक स्तर पर त्रुटियां पाए जाने के कारण उन्हें अस्वीकार किया गया था, जिन्हें संबंधित संस्थानों द्वारा दूर करने के बाद मानकों के अनुरूप पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। तकनीकी कारणों से पोर्टल पर कुछ आवेदन अस्वीकृत प्रदर्शित हो रहे हैं, जबकि उनका पंजीकरण निरस्त नहीं किया गया है।प्रभारी जिलाधिकारी योगेन्द्र कुमार ने स्पष्ट किया है कि मरीजों की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता है। सभी चिकित्सालयों में संक्रमण नियंत्रण के मानकों का सतत निरीक्षण जारी रखने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि जनपदवासियों को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!