थाना बन्ना देवी इलाके के मसूदाबाद में एक प्रेमी जोड़े में झगड़े के बाद प्रेमी ने होटल के सामने निर्माणाधीन मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली
प्रेमिका युवक को अचेत हालत में मलखान सिंह जिला अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया

अलीगढ़: उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के थाना बन्ना देवी इलाके के मसूदाबाद में एक प्रेमी जोड़े में झगड़े के बाद प्रेमी ने होटल के सामने निर्माणाधीन मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। वहीं, प्रेमिका युवक को अचेत हालत में मलखान सिंह जिला अस्पताल लेकर पहुंची, लेकिन डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर मृतक युवक के परिजन भी जिला अस्पताल पहुंच गए और युवती पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
सूचना पर इलाका पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंच गई और मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम को भेज दिया। साथ ही घटना की जांच-पड़ताल शुरू कर दी है।बुधवार रात दोनों में हुआ था विवाद मिली जानकारी के अनुसार, थाना सिविल लाइन इलाके के जमालपुर आसिफ नगर का रहने वाला 24 वर्षीय जीशान पुत्र अहसान एक ऑटो रिक्शा चालक था। जीशान का एक युवती से काफी समय से प्रेम-प्रसंग चल रहा था। युवती मसूदाबाद इलाके में स्थित एक होटल में काम करती है।
बुधवार रात 11 बजे युवक जीशान और उसकी प्रेमिका के बीच कपड़े धोने को लेकर झगड़ा हो गया। दोनों में झगड़ा इतना बढ़ा कि युवक ने एक निर्माणाधीन मकान में फांसी का फंदा लगाकर सुसाइड कर लिया। प्रेमिका आनन-फानन में युवक को अचेत अवस्था में मलखान सिंह जिला अस्पताल लेकर पहुंची, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया।



