हाथरस में सीएमओ कार्यालय में महिला बाबू को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते एंटी करप्शन टीम ने रंगे हाथों पकड़ा
इंटर्नशिप अलॉटमेंट के नाम पर घूस मांगने का महिला बाबू पर आरोप

जनपद हाथरस के मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय में आज सोमवार दो फरवरी को कार्यालय में तैनात महिला बाबू बबीता को पांच हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ एंटी करप्शन टीम ने गिरफ्तार कर लिया। इंटर्नशिप अलॉटमेंट के नाम पर घूस मांगने का महिला बाबू पर आरोप है।शिकायतकर्ता ने एंटी करप्शन विभाग को बताया था कि इंटर्नशिप से संबंधित फाइल आगे बढ़ाने के लिए महिला बाबू बबीता लगातार पैसों की मांग कर रही थी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए एंटी करप्शन की टीम ने गोपनीय जांच के बाद ट्रैप की योजना बनाई।पूर्व निर्धारित योजना के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता ने महिला बाबू को रिश्वत की रकम सौंपी, एंटी करप्शन की टीम ने मौके पर पहुंचकर उसे पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान सीएमओ कार्यालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ देर के लिए कामकाज भी प्रभावित रहा।एंटी करप्शन की टीम द्वारा आरोपी महिला बाबू से पूछताछ की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इंटर्नशिप के नाम पर कहीं अन्य लोगों से भी अवैध वसूली तो नहीं की गई। महिला बाबू के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
उत्तर प्रदेश की खबर हाथरस
हाथरस से मनोज शर्मा की रिपोर्ट



