आई गॉट मिशन कर्मयोगी’ के तहत साधना सप्ताह की शुरुआत
मंडलायुक्त संगीता सिंह की अध्यक्षता में कार्यशाला आयोजित, कर्मचारियों को आधुनिक प्रशिक्षण से किया गया सशक्त

अलीगढ़ : प्रदेश सरकार की मंशा के अनुरूप प्रशासनिक दक्षता और सेवा भावना को और अधिक सशक्त बनाने के उद्देश्य से ‘आई गॉट मिशन कर्मयोगी’ के अंतर्गत साधना सप्ताह की शुरुआत हो गई है। गुरुवार को मंडलायुक्त संगीता सिंह की अध्यक्षता में कमिश्नरी सभागार में एक महत्वपूर्ण कार्यशाला का आयोजन किया गया।कार्यशाला में अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आधुनिक कार्यप्रणाली, डिजिटल दक्षता और जनसेवा के प्रति संवेदनशील दृष्टिकोण विकसित करने पर विशेष जोर दिया गया। इस अवसर पर डीआईओ एनआईसी विनोद कुमार एवं ई-डिस्ट्रिक्ट मैनेजर मनोज राजपूत द्वारा प्रतिभागियों को विस्तृत प्रशिक्षण प्रदान किया गया, जिसमें ऑनलाइन सेवाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और तकनीकी संसाधनों के बेहतर उपयोग के बारे में जानकारी दी गई।मंडलायुक्त संगीता सिंह ने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा 2 अप्रैल से 8 अप्रैल तक ‘आई गॉट मिशन कर्मयोगी’ के तहत साधना सप्ताह आयोजित किया जा रहा है। इसका उद्देश्य कर्मचारियों की कार्यक्षमता, पारदर्शिता और जवाबदेही को बढ़ाते हुए जनसेवा को और अधिक प्रभावी बनाना है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम न केवल कर्मचारियों की कार्यशैली में सकारात्मक बदलाव लाते हैं, बल्कि शासन की योजनाओं को आमजन तक तेजी और गुणवत्ता के साथ पहुंचाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।संयुक्त विकास आयुक्त मंशाराम यादव ने कार्यशाला में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशिक्षण को उपयोगिता बताते हुए इसे अपने कार्यक्षेत्र में लागू करने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम के माध्यम से मण्डल में सुशासन और उत्कृष्ट सेवा वितरण की दिशा में एक और मजबूत कदम बढ़ाया गया है।



