जनगणना 2027: कमिश्नर ने कलैक्ट्रेट में दो दिवसीय प्रशिक्षण सत्र का किया शुभांरभ
जनगणना निदेशालय की ओर से नामित सांख्यिकी अनुवेषक श्रीमती हिमानी ने जनगणना की बारीकियों को समझाया

अलीगढ़ : आयुक्त, अलीगढ़ मण्डल, अलीगढ़ संगीता सिंह द्वारा कलैक्ट्रेट सभागार में जनगणना-2027 की तैयारियों को लेकर दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यशाला का शुभारंभ किया गया। कार्यशाला में जनगणना निदेशालय की ओर से जिले के लिए नामित सांख्यिकी अनुवेषक श्रीमती हिमानी जनगनणा संबंधी कार्यों के क्रियान्वयन, पर्यवेक्षण एवं प्रशिक्षण के लिए उपस्थित रहीं।मण्डलायुक्त ने कार्यशाला में उपस्थित फील्ड आफिसर, चार्ज अधिकारियों से कहा कि निदेशालय द्वारा नामित सांख्यिकी अनुवेषक द्वारा दिए जा रहे प्रशिक्षण को अच्छे से आत्मसात करें। उन्होंने कहा कि जनगणना-2027 आमजन के लिए नीति एवं योजनाएं लागू करने में धरातल का कार्य करती है। इसके आधार पर नीतियां बनती हैं, विकास योजनाएं तैयार होती हैं, संसाधनों का आवंटन होता है। उन्होंने कहा कि किसी भी स्तर पर संवादहीनता की स्थिति नहीं होनी चाहिए, अपनी सभी शंकाओं का समाधान अवश्य करें।जिलाधिकारी संजीव रंजन ने कहा कि जनगणना में डाटा की सटीकता, पारदर्शिता और गोपनीयता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने बताया कि जनगणना ऑनलाइन की जानी है ऐसे में सभी कार्मिक जनगणना के तकनीकी पक्ष को अच्छे से समझ लें।
बैठक का संचालन करते हुए जिला जनगणना अधिकारी एवं अपर जिलाधिकारी वित्त प्रमोद कुमार ने बताया कि जिले से तीन मास्टर ट्रेनर्स जनगणना के लिए प्रशिक्षित होने हैं जिनमें से अपर संख्याधिकारी अनुराग किशोर सिंह, प्रवक्ता महामाया पॉलीटैक्टिक मनु भाई झा लखनऊ से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके हैं जबकि शक्ति सिंह का प्रशिक्षण भी 27 फरवरी से आरंभ हो जाएगा। उन्होंने बताया कि जनगणना का प्रथम चरण 22 मई से 20 जून तक चलेगा इससे पूर्व जनगणना के लिए चार्ज आफिसर, सुपरवाइजर्स एवं प्रगणक नामित किए जाएंगे। प्रथम चरण में गृह-आधारित गणना के तहत आवासीय संरचनाओं और मूलभूत सुविधाओं का विवरण लिया जाएगा। दूसरे चरण में जनसंख्या गणना होगी, जिसमें प्रत्येक व्यक्ति का विवरण दर्ज किया जाएगा।बैठक मेंएडीएम प्रशासन पंकज कुमार, एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव, सिटी मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता, समेत सभी एसडीएम, एसीएम, सहायक नगर आयुक्त तपस्या, मास्टर ट्रेनर अपर संख्याधिकारी अनुराग किशोर सिंह, प्रवक्ता महामाया पॉलीटैक्टिक मनु भाई झा एवं संबंधित अधिकारीगण उपस्थित रहे।



