विज्ञान वर्ग के बच्चे करेंगे आगरा के इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी संस्थान का भ्रमण
100 से अधिक विज्ञान के मेधावी विद्यार्थियों को आगरा के इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी संस्थान का भ्रमण कराया जाएगा

जिला विज्ञान क्लब अलीगढ़ के द्वारा विज्ञान वर्ग के विद्यार्थियों को आगरा के इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी संस्थान का निःशुल्क भ्रमण कराए जाने की तैयारी है। जहां विद्यार्थी विभिन्न प्रयोगशाला सहित कंप्यूटर विज्ञान, मैकेनिकल इंजीनियरिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स और संचार इंजीनियरिंग, सूचना प्रौद्योगिकी, जैव प्रौद्योगिकी और सिविल इंजीनियरिंग से संबंधित विभागों का भ्रमण करेंगे। वहां की गतिविधियों को जानेंगे, जिससे उनमें विज्ञान के प्रति रूचि बढ़ सके और नवाचार की ओर वे प्रेरित हो सकें। इसके लिए तैयारी की जा रही है। समन्वयक जिला विज्ञान क्लब राजीव कुमार अग्रवाल ने बताया कि विज्ञान एवं प्रोद्योगिकी विभाग उत्तर प्रदेश शासन एवं जिलाधिकारी संजीव रंजन के निर्देशन में विज्ञान एवं लोकप्रिय संचार कार्यक्रम के अंतर्गत वैज्ञानिक शोध प्रयोगशाला एवं औद्योगिक संस्थानों का भ्रमण एवं वैज्ञानिक व्याख्यान कार्यक्रम का भी आयोजन होगा। जिसमें जिले के 100 से अधिक विज्ञान
के मेधावी विद्यार्थियों को आगरा के इंस्टिट्यूट ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी संस्थान का भ्रमण कराया जाएगा,साथ ही विषय विशेषज्ञ द्वारा विद्यार्थियों को विशेष जानकारियां उपलब्ध कराई जाएगी। एस्कार्ट शिक्षक विद्यार्थियों का मार्ग दर्शन करेंगे। भ्रमण के लिए कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों का चयन मेरिट के आधार पर किया जाएगा। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ पूरन सिंह ने पत्र जारी कर प्रधानाचार्यों को निर्देश दिए हैं, कि विद्यालय अपने-अपने विद्यालयों से विद्यार्थियों की सूची 14 मार्च तक जिला समन्वयक राजीव कुमार अग्रवाल को उपलब्ध करा दें। भ्रमण के लिए छात्र और छात्राएं नौरंगीलाल राजकीय इंटर कॉलेज से 16 मार्च को सुबह सात बजे बस द्वारा रवाना होंगे।



