आगरा रोड स्थित मनका फार्म हाउस में आयोजित किया गया सम्मेलन
बड़ी संख्या में संत और मातृशक्तियों ने लिया राष्ट्र रक्षा का लिया संकल्प

अलीगढ़ : राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष पर होने वाले हिंदू सम्मेलन को लेकर संतों ने हुंकार भर दी है। विराट संत सम्मेलन में संतों ने कहा कि हिंदुओं पर अत्याचार किसी भी तरह से सहन नहीं करेंगे। सम्मेलन के माध्यम से हिन्दुओं का जागरण किया जाएगा। जिससे हिन्दू एकजुट रहे और देश धर्म की रक्षा कर सके। सम्मेलन में संतों का उत्साह देखते ही बनता था। दूसरे सत्र में मातृशक्ति ने हिंदू रक्षा का संकल्प लिया। हिंदू सम्मेलनों में मातृशक्ति की बढ़चढकर सहभागिता के लिए अभी से जुट जाने के लिए आह्वान किया। हरिगढ़ विभाग में 250 से अधिक हिन्दू सम्मेलन होंगे।

हिंदू शक्ति समागम समिति की ओर से शनिवार को आगरा रोड स्थित मनका फार्म हाउस में विराट हिन्दू सम्मेलन के आह्वान के लिए संत सम्मेलन आयोजित किया गया। प्रथम सत्र में विभाग कार्यवाह योगेश आर्य ने कहा कि हिंदू समाज को एकजुट करने के लिए के लिए ही आरएसएस की स्थापना हुई थी। इसलिए हिन्दू सम्मेलन के माध्यम से जन जन को जगाना है।
आह्वान अखाड़े के राष्ट्रीय प्रवक्ता हितैषी बाबा ने कहा कि हिंदू समाज को बचाने के लिए आरएसएस की बड़ी भूमिका रही है। आप सभी से अपील है कि हिंदू सम्मेलन में घर घर से निकले और राष्ट्र रक्षा का संकल्प लें, तभी देश बच सकेगा।
महामंडलेश्वर पूर्णानंदपुरी महाराज ने संतों को अपनी भूमिका तय करनी होगी। संतों ने ही देश और धर्म की रक्षा के लिए राम और कृष्ण को शस्त्र और शास्त्र की शिक्षा दी थी। महामंडलेश्वर हरिकांत महाराज ने कहा राष्ट्र रक्षा के लिए हमें संकल्प लेना होगा। हिन्दुत्व की धार कभी कम नहीं होनी चाहिए।
गिलहराज मंदिर के पीठाधीश्वर महंत कौशलनाथ ने कहा कि हिंदू सम्मेलन के माध्यम से हमें समाज को जागृत करना होगा। संघ बहुत अच्छा कार्य कर रहा है। संत कौशल किशोर व्यास ने कहा कि धर्म सुरक्षित होगा तो देश सुरक्षित रहेगा। इसलिए धर्म की रक्षा करें। आचार्य पवन वशिष्ठ ने कहा कि हिंदू समाज को एकजुट होकर अपनी शक्ति का प्रदर्शन करना होगा। दुनिया की विराट संस्कृति को नष्ट नहीं होने देंगे। विभाग प्रचारक गोविंद ने कहा पूज्य संतों के आशीर्वाद से राम मंदिर का निर्माण हुआ। वर्तमान में पुनः हिंदुत्व की रक्षा के लिए संतों का आशीर्वाद चाहिए। इसलिए आप सभी का आह्वान किया गया है। आध्यात्मिक गुरु सुनील कौशल महाराज ने कहा कि राष्ट्र की रक्षा में संतों की अहम भूमिका है। हरिगढ़ की धरती से यह आवाज देश के कोने कोने तक जाएगी। इससे पहले पूज्य संतों ने भारत माता के चित्र के सामने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। भारत माता की आरती में जयघोष किया गया। अंत में सभी संतों ने हाथ उठाकर राष्ट्र रक्षा का संकल्प लिया। संचालन राज नारायण सिंह ने किया। कार्यक्रम में विनय नाथ, गौरव शास्त्री भगवान दास, पुनीत, रविशंकर आचार्य, रविकांत महाराज, आचार्य प्रिय दर्शन ठक्कुर, ललित कुमार आदि ने आशीर्वाद दिया। कार्यक्रम में विभाग संघचालक राजकुमार सिंह, सह संचालक ललित कुमार, महानगर संघचालक अजय सराफ, सह संचालक देवेंद्र शर्मा हनुमान, महानगर कार्यवाह रतन कुमार, सह कार्यवाह पंकज कुमार, महानगर प्रचार प्रमुख दलवीर सिंह, सुधीर शर्मा, आजाद नगर और प्रताप नगर के कार्यकर्ताओं ने संपूर्ण व्यवस्था संभाली।



