अलीगढ़

विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025: किसानों को दी गई वैज्ञानिक जानकारी, विभागीय योजनाओं का मिला लाभ

29 मई 2025 से 12 जून 2025 तक चिन्हित ग्रामों में विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमों द्वारा किसानों से संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

अलीगढ़  भारत सरकार एवं राज्य सरकार के निर्देशों के अनुपालन में विकसित कृषि संकल्प अभियान-2025 के अन्तर्गत जिले में 29 मई 2025 से 12 जून 2025 तक चिन्हित ग्रामों में विभिन्न विभागों की संयुक्त टीमों द्वारा किसानों से संवाद एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को विकासखण्ड इगलास के नौ ग्रामों कृसहारा कला, सहारा खुर्द, भटोई, बसई, नगला अहिवासी, नगला जार, तोछीगढ़, कारस एवं सीतापुर में कार्यक्रम आयोजित किए गए  कार्यक्रमों में भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद, कृषि विज्ञान केन्द्र, कृषि, उद्यान, पशुपालन, मत्स्य, सहकारिता एवं अन्य विभागों के विशेषज्ञों एवं अधिकारियों की संयुक्त टीमों ने भाग लिया। प्रमुख विशेषज्ञों में डा0 टीजे पुराकायस्थ, डा0 अनु शर्मा, डा0 भारती, डा0 प्रशान्त किशोर, डा0 कुमार रंग, डा0 जयदेव वर्मा, डा0 सुधीर कुमार रावत, डा0 अशरफ अली, डा0 नेत्रपाल मलिक सम्मिलित रहे। किसानों को मृदा परीक्षण, फसल प्रबंधन, दलहन-तिलहन मिशन, मृदा स्वास्थ्य कार्ड के अनुसार उर्वरक प्रयोग, डीएसआर विधि से धान की खेती, कृषि यंत्रीकरण, श्रीअन्न उत्पादन, मेड़ों पर अरहर की खेती, फसल बीमा, किसान क्रेडिट कार्ड, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना, नैनो यूरिया एवं डीएपी के उपयोग आदि विषयों पर विस्तृत जानकारी दी गई। इसके अतिरिक्त किसानों को सभी विभागीय योजनाओं की जानकारी प्रदान की गई तथा सीधे फीडबैक भी प्राप्त किया गया, जिससे योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति जानी जा सके। कार्यक्रम में यशराज सिंह उप कृषि निदेशक, धीरेन्द्र चौधरी जिला कृषि अधिकारी, वरिष्ठ वैज्ञानिक कृषि विज्ञान केन्द्र छेरत, पशु चिकित्साधिकारी, इफ्को प्रतिनिधि, फसल बीमा प्रतिनिधि, सहायक विकास अधिकारीगण, क्षेत्रीय कर्मचारीगण एवं अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे। ग्राम प्रधानों एवं बड़ी संख्या में किसानों की सहभागिता ने कार्यक्रम को सार्थक एवं सफल बनाया। किसानों ने वैज्ञानिकों द्वारा दी गई तकनीकी जानकारी को सराहा तथा कई विषयों पर सुझाव भी साझा किए।

 

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!