लगन और निरंतर प्रयास से मिली सफलता: दीक्षा सारस्वत बनीं नायब तहसीलदार
सीडीओ योगेंद्र कुमार ने दी शुभकामनाएं, युवाओं को मेहनत और मार्गदर्शन से आगे बढ़ने का दिया संदेश

अलीगढ़ : जिले के ग्राम आलमपुर सुबकरा की निवासी दीक्षा सारस्वत पुत्री कपिल सारस्वत ने उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की प्रतिष्ठित पीसीएस परीक्षा-2024 में सफलता प्राप्त करते हुए नायब तहसीलदार पद प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया है।
गुरुवार को दीक्षा सारस्वत ने विकास भवन में मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार से भेंट कर उनका आशीर्वाद प्राप्त किया। इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी ने उनकी सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह उपलब्धि न केवल उनके परिवार बल्कि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि दीक्षा की सफलता यह दर्शाती है कि सीमित संसाधनों में भी यदि सही दिशा, मार्गदर्शन और निरंतर परिश्रम हो तो उच्च लक्ष्य प्राप्त किए जा सकते हैं। सीडीओ योगेंद्र कुमार ने कहा कि जिले में संचालित शैक्षणिक पहलें, विशेषकर मालवीय पुस्तकालय में सिविल सर्विसेज मार्गदर्शिका जैसे प्रयास, युवाओं को प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं के लिए प्रेरित कर रहे हैं। उन्होंने अन्य अभ्यर्थियों से भी दीक्षा की तरह अनुशासन और समर्पण के साथ तैयारी करने का आह्वान किया।
दीक्षा सारस्वत ने अपनी सफलता का श्रेय मालवीय पुस्तकालय में संचालित सिविल सर्विसेज मार्गदर्शिका को देते हुए बताया कि उन्होंने डॉ. पंकज वर्मा के नेतृत्व में संचालित कोचिंग से मार्गदर्शन प्राप्त किया। हिंदी साहित्य में परास्नातक की उपाधि प्राप्त करने वाली दीक्षा ने बताया कि यह उनका चौथा प्रयास था और निरंतर मेहनत एवं आत्मविश्वास के बल पर उन्होंने यह मुकाम हासिल किया। उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों को संदेश दिया कि वे धैर्य बनाए रखें, नियमित अध्ययन करें और असफलताओं से सीख लेकर आगे बढ़ते रहें।उन्होंने यह भी बताया कि उनका अगला लक्ष्य एसडीएम पद प्राप्त करना है, जिसके लिए वह आगे भी अपनी तैयारी जारी रखेंगी। इस दौरान दीपक सारस्वत, नीतू सारस्वत, हितेश कुमारी भी उपस्थित रहीं।



