अलीगढ़

अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण को लेकर जिला प्रशासन सख्त, समयबद्ध पूर्णता के निर्देश

लगभग 3.50 करोड़ से नगर पंचायतवार निर्माण कार्यों में आएगी तेजी

अलीगढ़ : जनहित से जुड़े मूलभूत ढांचागत कार्यों को प्राथमिकता देते हुए जिला प्रशासन ने अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण कार्यों की गहन समीक्षा की है। जिलाधिकारी संजीव रंजन के निर्देश पर अपर जिलाधिकारी प्रशासन पंकज कुमार ने बताया है कि जिले की विभिन्न नगर पंचायतों में स्वीकृत कार्य चरणबद्ध रूप से प्रगति पर हैं और शेष कार्यों को वित्तीय वर्ष 2025-26 में पूर्ण कराने का लक्ष्य सभी अधिशासी अधिकारियों को दिए गए हैं। जिले में कुल 14 अंत्येष्टि स्थलों के निर्माण के लिए लगभग 3.50 करोड़ की धनराशि स्वीकृत की गई है। अब तक लगभग 17.43 लाख की धनराशि व्यय की जा चुकी है और कई स्थानों पर निर्माण कार्य प्रारंभ हो चुका है।एडीएम ने नगर पंचायतवार प्रगति एवं धनराशि की जानकारी देते हुए बताया है कि अतरौली में लगभग 40.20 लाख स्वीकृत के सापेक्ष निर्माण कार्य प्रगति पर और लगभग 50 प्रतिशत कार्य पूर्ण, खैर में लगभग 40.00 लाख स्वीकृत और स्थल विकास एवं प्लेटफॉर्म निर्माण कार्य जारी है। पिसावा ने 28.79 लाख स्वीकृत और प्लेटफॉर्म एवं अन्य संरचनात्मक कार्य जारी 31 मॉर्च तक कार्य पूरा होगा। कौड़ियागंज में आवंटित धनराशि के सापेक्ष 70 प्रतिशत कार्य पूरा हो गया है।मडराक, बरौली, हरदुआगंज, विजयगढ़, बेसवां, जट्टारी सहित अन्य नगर पंचायतों में भी स्वीकृत धनराशि के अनुरूप निर्माण प्रक्रिया चरणबद्ध रूप से संचालित है। कुछ स्थानों पर भूमि उपलब्धता, तकनीकी स्वीकृति अथवा प्रक्रियात्मक औपचारिकताओं के कारण कार्यों में विलंब की स्थिति थी, जिसे दूर करते हुए संबंधित अधिशासी अधिकारियों को नियमित मॉनिटरिंग एवं साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि अंत्येष्टि स्थल जैसी संवेदनशील और जनभावनाओं से जुड़ी सुविधा में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी निर्माण कार्य गुणवत्ता मानकों के अनुरूप एवं निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराए जाएंगे, ताकि आमजन को सम्मानजनक एवं व्यवस्थित अंतिम संस्कार के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। जिला प्रशासन की सक्रियता से स्पष्ट है कि जनहित के मुद्दों पर त्वरित संज्ञान, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करना सर्वाेच्च प्राथमिकता है।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!