जिलाधिकारी ने कलैक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का किया निरीक्षण
पटल सहायकों को अभिलेख अद्यतन रखने व साफ-सफाई के दिए निर्देश

-संजीव रंजन, डीएम, अलीगढ़अलीगढ़ : जिलाधिकारी संजीव रंजन द्वारा मंगलवार को कलैक्ट्रेट के विभिन्न पटलों का भ्रमण कर जानकारी ली गयी। उन्होंने कहा कि जिले के विकास कार्यों को गति प्रदान करने के लिए आवश्यक है कि कार्यों का समयबद्धता के साथ निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। कलैक्ट्रेट आए प्रत्येक व्यक्ति को अच्छे से सुन उनकी समस्याओं का समयबद्धता से निस्तारण करें।जिलाधिकारी ने राजस्व अभिलेखागार का जायजा लेते हुए आआरके विनोद कुमार से राजस्व अभिलेखों एवं प्रतिदिन आने वाले आवेदनों के बारे में जानकारी की। जिस पर बताया गया कि प्रतिदिन 100 के लगभग आवेदन प्राप्त होते हैं जिसके सापेक्ष 80-90 का निस्तारण करा दिया जाता है। उन्होंने राजस्व अभिलेखों का बस्ता खुलवाकर भी देखा और बस्ते में अवस्थित अभिलेखों की सूची सबसे ऊपर रखने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व अभिलेखों की सुरक्षा के दृष्टिगत अग्निशमन यंत्रों को अद्यतन रखने में रात्रि में विद्युत सप्लाई कट करने के लिए पटल सहायक की तिथिवार जिम्मेदारी भी तय करने के निर्देश दिए।
न्यायिक अभिलेखागार के निरीक्षण के दौरान जेआरके कुसुमलता द्वारा बताया गया कि थानावार प्राप्त अभिलेखों को एक वर्ष रक्षित करने के उपरांत नीलामी कराई जाती है। कलैक्ट्रेट में नव स्थापित होने वाली ’’निर्भया सेल’’ में फर्नीचर व अन्य सामग्री की उपलब्धता के बावजूद संचालन न होने पर जल्द से जल्द शुभारंभ कराए जाने के निर्देश दिए गए।डीएलआरसी एवं खनन विभाग के निरीक्षण में पाया गया कि जिले में मिट्टी खनन के लिए 480 आवेदन प्राप्त हुए हैं जिनमें से 211 को स्वीकृत, 174 को अस्वीकृत किया गया है जबकि 29 जिला व 66 तहसील स्तर पर लंबित हैं। डीएम ने सभी लंबित आवेदनों का निस्तारण करने के निर्देश दिए। जिला प्रोबेशन कार्यालय के निरीक्षण के दौरान उन्होंने बेबी फीडिंग रूम को सुव्यवस्थित तरीके से संचालित कराए जाने के निर्देश दिए। विशेष भूमि अध्याप्ति कार्यालय में वरिष्ठ लिपिक सतेन्द्र तिवारी के अनुपस्थित पाए जाने पर डीएम ने वेतन रोकने के निर्देश दिए। कचहरी डाकघर के निरीक्षण में उप डाकपाल मनोहर लाल ने बताया कि सभी प्रकार की डाक सेवाएं उपलब्ध कराई जाती हैं। पुलिस मालखाने के निरीक्षण में एसआई गोपाल सिंह ने बताया कि एनडीपीएस एक्ट में बरामद लगभग 10 हजार से अधिक अस्त्र-शस्त्र यहां जमा हैं, जबकि सरकारी मालखाने में 1500 से अधिक शस्त्र जमा पाए गए।इसके साथ ही जिलाधिकारी ने न्याय सहायक अनुभाग, नजारत, संयुक्त कार्यालय, अर्थवाद कार्यालय, स्थानीय निकाय कार्यालय, क्षेत्रीय खाद्य कार्यालय, जिला बचत कार्यालय, गेस्ट हाउस, एडीएम वित्त एवं एडीएम प्रशासन कार्यालय समेत विभिन्न पटलों का निरीक्षण किया। उन्होंने पटल सहायकों को अभिलेखों को सूचीबद्ध रखने के साथ ही साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने और निष्प्रयोज्य सामग्री का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए।इस अवसर पर एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, एडीएमएडीएम वित्त प्रमोद कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता, एसीएम दिग्विजय सिंहएवं विनीत मिश्रा समेत संबंधित अधिकारी एवं सभी पटल सहायक उपस्थित रहे।



