मा0 अध्यक्ष जिला पंचायत की अध्यक्षता में जिला खेल प्रोत्साहन समिति की बैठक संपन्न
मा0 कोल विधायक की पहल पर स्टेडियम में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा होगी स्थापित

अलीगढ़अध्यक्ष जिला पंचायत श्रीमती विजय सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को कलैक्ट्रेट सभागार में आहूत जिला खेल प्रोत्साहन समिति की बैठक में खेल गतिविधियों को और अधिक सुदृढ़ एवं व्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि सरकार द्वारा निरन्तर खेलों के प्रोत्साहन के लिए विभिन्न प्रकार की सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए करोड़ों की लागत से भव्य हॉस्टल बनवाया जा रहा है जिला स्तर से निकलकर गांव तक मे स्टेडियम बनवाये जा रहे हैं। मा0 विधायक कोल श्री अनिल पाराशर ने कहा कि तन स्वस्थ है तभी मन स्वस्थ रह सकता है, ऐसे में अधिकाधिक खेल गतिविधियां हों हम सभी का समेकित प्रयास होना चाहिए। उन्होंने बैठक को हर तीन माह पर आयोजित कराने एवं सक्रिय खिलाड़ियों को भी बैठक में आंमत्रित किए जाने का सुझाव दिया। मा0 विधायक की पहल पर स्टेडियम में लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित किए जाने पर भी सहमति प्रदान की गई। उन्होंने स्टेडियम में खेल सुविधाएं एवं शुल्क संबंधी बोर्ड स्थापित किए जाने का भी प्रस्ताव रखा। बैठक में खेल सुविधाओं के विस्तार, खिलाड़ियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं में सुधार और आगामी खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी से संबंधित महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि खेल मैदानों की दशा सुधारने के साथसाथ ग्रामीण स्तर पर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों की पहचान कर उन्हें प्रशिक्षण प्रदान किया जाए। धावक गुलवीर का सम्मान, विभिन्न प्रकार के मरम्मत कार्य, शौचालय निर्माण संबंधी कार्य खेल प्रोत्साहन धनराशि से कराए जाने पर भी सहमति बनी। बैठक में खेल प्रशिक्षकों मुकेश कुमार एवं लोकेश कुमार का भी मानदेय बढ़ाया गया। जिले में संचालित सभी जिम का पंजीकरण कराए जाने पर भी सहमति व्यक्त की गई। इसके साथ ही जिला क्रीड़ा अधिकारी को अधिकार दिए गए कि वह प्रतिमाह 5000 रूपये की धनराशि से आवश्यकतानुरूप मरम्मत कार्य करा सकेंगे।इस अवसर पर मा0 पूर्व विधायक श्री विवेक बंसल, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, एडीएम सिटी अमित कुमार भट्ट, एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, सीएमओ डा0 नीरज त्यागी, जिला क्रीड़ा अधिकारी राम मिलन, अर्जुन सिंह फकीरा, डा0 शाहनवाज खान, शमशाद निसार आजमी, जिला युवा अधिकारी तन्वी समेत खेल समिति के सदस्य एवं संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



