जल निकासी परियोजना के कार्य तीव्र, अधिकांश प्रमुख घटक पूर्ण
नगरवासियों को जलभराव से राहत मिलेगी मुक्ति

अलीगढ़ : शहर की बहुप्रतीक्षित जल निकासी परियोजना के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में कार्य तीव्र गति से आगे बढ़ रहे हैं। महेन्द्र नगर, आगरा रोड, सिविल लाइन, सुरेन्द्र नगर, छर्रा अड्डा सहित अन्य प्रमुख क्षेत्रों में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान की दिशा में परियोजना के अधिकांश महत्वपूर्ण घटक पूर्ण हो चुके हैं, जबकि शेष कार्य प्रगति पर हैं।परियोजना के तहत नाला निर्माण, राइजिंग मैन बिछाने, पम्प हाउस व सम्पवैल निर्माण जैसे कार्य प्रस्तावित थे। आगरा रोड क्षेत्र में नाला, पम्प हाउस एवं राइजिंग मैन का निर्माण पूर्ण कर उन्हें सफलतापूर्वक कमीशन किया जा चुका है। पला पॉण्ड एवं कालीदेह पॉण्ड क्षेत्रों में जल निकासी के लिए बनाए जा रहे सम्पवैल का कार्य लगभग 75 प्रतिशत तक पूर्ण हो चुका है और शेष कार्य तेजी से किया जा रहा है। इसी प्रकार छर्रा अड्डा क्षेत्र में सम्पवैल का निर्माण भी अंतिम चरण में है।परियोजना प्रबंधक उत्तर प्रदेश जल निगम नगरीय यूनिट- 25 ने बताया कि घनी आबादी वाले जीवनगढ़ क्षेत्र में तकनीकी आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए नाले का निर्माण सड़क के मध्य किए जाने का निर्णय लिया गया है, जिससे भविष्य में बेहतर जल प्रवाह और दीर्घकालिक समाधान सुनिश्चित हो सके। आवश्यक तकनीकी स्वीकृतियों के उपरांत शटरिंग सहित निर्माण कार्य प्रगति पर है।परियोजना के दौरान भूमि चिन्हांकन, वर्षा ऋतु, तकनीकी आवश्यकताओं और विद्युत संरचनाओं के कारण कुछ चरणों में अतिरिक्त समय लगा, परंतु इन सभी चुनौतियों का समाधान करते हुए कार्यों को सुचारु रूप से आगे बढ़ाया गया है। पम्पों की आपूर्ति और शेष सिविल कार्यों के पूर्ण होते ही परियोजना को मार्च 2026 तक पूर्ण करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नगरवासियों को शीघ्र ही जलभराव से राहत मिलने की उम्मीद है, जिससे आवागमन सुगम होगा और शहर की स्वच्छता व जीवन गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा।



