अस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज सरकार की प्राथमिकता
एक्सपायरी दवाओं पर जीरो टॉलरेंस: लापरवाही पर होगी कड़ी कार्रवाई

अलीगढ़ : जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिलाधिकारी संजीव रंजन ने एक्सपायरी दवाओं एवं हस्पतालों में आने वाले प्रत्येक मरीज के समुचित उपचार के संबंध में मुख्य चिकित्सा अधिकारी, मुख्य चिकित्सा अधीक्षक सहित सभी प्रभारी चिकित्सा अधिकारियों को कड़े एवं स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं।जिलाधिकारी ने निर्देशित किया है कि सभी सरकारी चिकित्सालयों में उपलब्ध दवाओं की एक्सपायरी तिथि का नियमित सत्यापन किया जाए और किसी भी दशा में एक्सपायरी दवा का वितरण न हो। इसके लिए प्रत्येक अस्पताल में दवा स्टॉक रजिस्टर का दैनिक निरीक्षण, संवेदनशील दवाओं की अलग से सूची तैयार करने और समय से पूर्व नई दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।उन्होंने कहा कि हस्पताल में आने वाला प्रत्येक मरीज सरकार की प्राथमिकता है। किसी भी मरीज को इलाज या दवा के लिए अनावश्यक प्रतीक्षा न करनी पड़े। चिकित्सक मरीजों की जांच पूरी संवेदनशीलता एवं जिम्मेदारी के साथ करें और आवश्यक दवाएं अस्पताल से ही उपलब्ध कराई जाएं। यदि किसी दवा की अस्थायी कमी हो तो उसकी सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को देकर वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिए कि अस्पतालों में साफ-सफाई, दवा वितरण प्रणाली, पर्चा काउंटर एवं आपातकालीन सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाए। वरिष्ठ अधिकारी समय-समय पर औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का सत्यापन करेंगे। किसी भी प्रकार की लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारी की जवाबदेही तय करते हुए कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि उत्तर प्रदेश स्वास्थ्य विभाग की मंशा के अनुरूप मरीजों को सुरक्षित, सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सर्वाेच्च प्राथमिकता है।



