किसान हित सर्वाेपरि: किसान दिवस में जिलाधिकारी ने दिए त्वरित समाधान के निर्देश
किसान बंधु शीघ्र कराएं फार्मर रजिस्ट्री पारदर्शी और सुगम तरीके से मिलेगा सरकारी योजनाओं का लाभ

-संजीव रंजन, जिलाधिकारी अलीगढ़ : जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में क्वार्सी कृषि फार्म स्थित बहुउद्देश्यीय हाल में आयोजित किसान दिवस में किसानों की समस्याओं के समाधान को लेकर प्रशासन ने संवेदनशीलता और तत्परता का संदेश दिया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में उपस्थित किसान बंधुओं ने अपनी-अपनी समस्याएं रखीं, जिनके निराकरण के लिए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि किसान देश की आत्मा हैं और उनके बिना राष्ट्र की प्रगति की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसानों की समस्याओं का समाधान सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकता में है। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसान दिवस में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही जिलाधिकारी ने किसान बंधुओं से शीघ्र फार्मर रजिस्ट्री कराने का आग्रह करते हुए कहा कि इससे उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ पारदर्शी और सुगम तरीके से मिल सकेगा।
किसान दिवस में उपस्थित विषय विशेषज्ञों ने सोलर इंसैक्टिसाइड यंत्र के माध्यम से कीट प्रबंधन की आधुनिक तकनीकों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि सरकार किसानों को यह यंत्र अनुदान पर उपलब्ध करा रही है, जिससे खेती की लागत घटेगी और उत्पादन में वृद्धि होगी।कार्यक्रम के दौरान किसानों ने जंगली जानवरों से फसलों की सुरक्षा, समय से विद्युत बिल उपलब्ध कराने, निजी नलकूपों को समान विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने, नदी में गिरे सूखे वृक्षों की बिक्री तथा छर्रा मंडी में अन्य मंडियों की तरह बोरी में तौल व्यवस्था लागू करने से संबंधित मुद्दे उठाए। हरदुआगंज क्षेत्र के एक किसान ने रजवाहे से खेतों तक पानी पहुंचाने वाली क्षतिग्रस्त नाली की मरम्मत की मांग रखी, जबकि इगलास क्षेत्र के भीलपुर गांव के किसान ने अपने गांव को बलीपुर समिति से जोड़ने का अनुरोध किया। जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि किसानों की समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कर शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन किसानों के साथ खड़ा है और उनकी हर संभव सहायता के लिए प्रतिबद्ध है।इस अवसर पर एडीएम प्रशासन पंकज कुमार, जिला कृषि अधिकारी धीरेंद्र सिंह, कृषि रक्षा अधिकारी दिव्या मौर्य, सहायक निबंधक सहकारिता नागेंद्र पाल सिंह, डिप्टी आरएमओ विशाल जैन, डीडी मंडी संजय सिंह, एडी फिशरीज प्रियंका मौर्या, कृषि विपणन अधिकारी भगवती प्रसाद सहित किसान बंधु देवराज सिंह राजू, चौधरी नवाब सिंह, प्रमोद कुमार वर्मा, श्यामवीर, शिवचरण दास एवं अन्य अधिकारी व किसान उपस्थित रहे।



