महिला थाना प्रभारी ने पारिवारिक विवाद सुलझाया
महिला थाना में थाना प्रभारी रितु तोमर की सक्रिय पहल पर एक पारिवारिक विवाद का सफल समाधान कराया गया

हाथरस। महिला थाना में थाना प्रभारी रितु तोमर की सक्रिय पहल पर एक पारिवारिक विवाद का सफल समाधान कराया गया। पुलिस की समझाइश और काउंसलिंग के चलते एक परिवार टूटने से बच गया। सासनी थाना क्षेत्र के गांव सुसायत खुर्द निवासी दो महिलाओं द्वारा अपने-अपने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ मारपीट, गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार की शिकायत महिला थाना हाथरस में दर्ज कराई गई थी।थाना प्रभारी रितु तोमर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए दोनों पक्षों को थाने बुलाया और काउंसलिंग कराई। बातचीत के दौरान दोनों पक्षों को समझाया गया और आपसी विवाद को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने का प्रयास किया गया। काउंसलिंग के बाद ससुराल पक्ष ने भविष्य में किसी भी प्रकार की मारपीट या अभद्रता न करने का आश्वासन दिया। वहीं दोनों पक्षों ने आपसी सहमति से पुलिस कार्रवाई से इनकार करते हुए मामला समाप्त कर दिया। इस पूरी प्रक्रिया में महिला थाना पुलिस की संवेदनशीलता और थाना प्रभारी रितु तोमर की सूझबूझ से एक बड़ा विवाद बिना कानूनी कार्रवाई के ही सुलझ गया, जिससे परिवार में फिर से शांति स्थापित हो सकी।



