अभ्युदय-2026 में खाद्य प्रसंस्करण संस्थान प्रथम उपविजेता
20वीं राष्ट्रीय हॉस्पिटैलिटी टैलेंट हंट अभ्युदय-2026- 20वीं नेशनल हॉस्पिटैलिटी टेलेंट हंट का आयोजन आम्रपाली विश्वविद्यालय में किया गया

अलीगढ़: 20वीं राष्ट्रीय हॉस्पिटैलिटी टैलेंट हंट अभ्युदय-2026- 20वीं नेशनल हॉस्पिटैलिटी टेलेंट हंट का आयोजन आम्रपाली विश्वविद्यालय में किया गया। इस प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रतियोगिता में खाद्य प्रसंस्करण विभाग, उत्तर प्रदेश ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम उपविजेता का गौरव प्राप्त कर प्रदेश का नाम रोशन किया।देशभर के प्रतिष्ठित हॉस्पिटैलिटी एवं होटल मैनेजमेंट संस्थानों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा में संस्थान के विद्यार्थियों ने अपनी पाक-कला, प्रस्तुति कौशल, नवाचार एवं समय प्रबंधन से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। विशेष उल्लेखनीय है कि खाद्य प्रसंस्करण के विद्यार्थियों ने पहली बार इस राष्ट्रीय स्तर की शेफ प्रतियोगिता में भाग लिया और उल्लेखनीय सफलता अर्जित की।
प्रतियोगिता में निशा, मनीष, शिवम, कोमल, अभिनव पीटर एवं अरकम खान ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए संस्थान को प्रथम उपविजेता का सम्मान दिलाया। विद्यार्थियों को प्रशिक्षक लोकेश सेंगर द्वारा विशेष प्रशिक्षण एवं मार्गदर्शन प्रदान किया गया।संस्थान के प्रधानाचार्य बलवीर सिंह ने विद्यार्थियों एवं प्रशिक्षक को बधाई देते हुए इसे विभाग की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि समर्पण, परिश्रम एवं सही मार्गदर्शन से राष्ट्रीय मंच पर भी उत्कृष्ट प्रदर्शन संभव है। इस उपलब्धि से न केवल संस्थान की प्रतिष्ठा में वृद्धि हुई है, बल्कि अन्य विद्यार्थियों को भी राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग लेने की प्रेरणा मिली है।



