भोजपुरी लोकगीतों की गूंज से सजेगी राजकीय प्रदर्शनी
01 फरवरी को कृष्णांजलि नाट्यशाला में अवधेश कुमार एंड पार्टी की सांस्कृतिक संध्या

अलीगढ़ : राजकीय औद्योगिक एवं कृषि प्रदर्शनी में इस बार भोजपुरी लोकगीतों की मिठास और लोकसंस्कृति की जीवंत झलक दर्शकों को विशेष रूप से आकर्षित करने जा रही है। प्रदर्शनी परिसर स्थित कृष्णांजलि नाट्यशाला में 1 फरवरी को अवधेश कुमार एंड पार्टी द्वारा भोजपुरी लोकगीतों पर आधारित भव्य सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया जाएगा। कार्यक्रम का समय सायं 5 बजे से 6 बजे तक निर्धारित है। इस दौरान भोजपुरी अंचल की पारंपरिक लोकधुनें, सामाजिक सरोकारों से जुड़े गीत और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाती प्रस्तुतियां मंच पर गूंजेंगी। लोकगीतों के माध्यम से ग्रामीण जीवन की संवेदनाएं, परंपराएं और उत्सवधर्मिता का जीवंत चित्रण किया जाएगा। प्रभारी अधिकारी प्रदर्शनी किंशुक श्रीवास्तव का कहना है कि भोजपुरी लोकगीत उत्तर भारत की सांस्कृतिक पहचान का महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। भोजपुरी लोक कलाकारों को मंच प्रदान कर राजकीय प्रदर्शनी लोक संस्कृति के संरक्षण एवं संवर्धन की दिशा में सार्थक पहल कर रही है। भोजपुरी गीत-संगीत प्रेमियों में इस कार्यक्रम को लेकर उत्साह चरम पर है। उम्मीद की जा रही है कि यह सांस्कृतिक संध्या प्रदर्शनी के दर्शकों के लिए विशेष आकर्षण और यादगार अनुभव बनेगी। प्रदर्शनी प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि वे बड़ी संख्या में पहुंचकर भोजपुरी लोकगीतों की इस संगीतमय संध्या का आनंद लें और अपनी सांस्कृतिक विरासत से जुड़ें।



