हर घर जल योजना में तेजी, अप्रैल अंत तक 62 परियोजनाएं होंगी पूर्ण
डीएम ने सड़क पुनरोद्धार कार्यो को गुणवत्तापरक ढ़ंग से पूर्ण करने के दिए निर्देश

अलीगढ़ जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जल जीवन मिशन (हर घर जल योजना) की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना की प्रगति, गुणवत्ता एवं लंबित कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई।अधिशासी अभियंता लोकेश शर्मा ने बताया कि जिले में अब तक 84 परियोजनाएं पूर्ण हो चुकी हैं और इनके माध्यम से घर-घर जलापूर्ति सुनिश्चित की जा रही है। इसके अतिरिक्त 62 परियोजनाएं ऐसी हैं, जिन्हें अप्रैल माह के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। उन्होंने अवगत कराया कि 731 ट्यूबवेल के सापेक्ष 729, 731 पम्प हाउस के सापेक्ष 722, 729 ओवरहेड टैंक (ओएचटी) के सापेक्ष 291 और 731 के सापेक्ष 521 क्लोरीनेशन कार्य पूर्ण हो चुके हैं। वहीं 617 के सापेक्ष 543 सोलर प्लांट भी स्थापित किए जा चुके हैं।जिलाधिकारी ने 90 प्रतिशत से अधिक प्रगति वाली परियोजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी योगेंद्र कुमार को निर्देशित किया कि पूर्ण परियोजनाओं की जांच जिला पंचायत राज अधिकारी के माध्यम से अनिवार्य रूप से कराई जाए, जिससे गुणवत्ता सुनिश्चित हो सके। सड़क पुनरोद्धार कार्यों पर नाराजगी व्यक्त करते हुए डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जहां-जहां गलियां धंस गई हैं, उनकी तत्काल मरम्मत कराई जाए। उन्होंने कहा कि हाल ही में ग्राम प्रधानों के साथ हुई बैठक में पुनरोद्धार कार्यों के गुणवत्तापूर्ण ढंग से न किए जाने की शिकायतें सामने आई हैं, जो स्वीकार्य नहीं हैं। जिलाधिकारी ने जागरूकता अभियान को और प्रभावी बनाने के निर्देश देते हुए कहा कि जनसहभागिता के बिना योजना का पूर्ण लाभ संभव नहीं है।मुख्य विकास अधिकारी ने शिकायतों की पावती एवं उनके त्वरित निस्तारण पर जोर देते हुए सर्वाधिक शिकायत वाले ग्रामों की सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह योजना सीधे तौर पर जनहित एवं जल संरक्षण से जुड़ी है, इसलिए शिकायतों का गुणवत्तापूर्ण एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए। बैठक में संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



