नगला मसानी गौशाला में ब्रज गोकुल की तर्ज पर छड़ी मार होली का आयोजन सम्पन्न
आज बृज अबीर और गुलाल से नहा उठा है। चारों ओर होली का उल्लास दिखाई दे रहा है

अलीगढ़ आज बृज अबीर और गुलाल से नहा उठा है। चारों ओर होली का उल्लास दिखाई दे रहा है। बृज की होली को देखने के लिए देवता तक लालायित रहते हैं। इसलिए नगला मसानी स्थित पंचायती गोशाला में मंगलवार को छड़ी मार होली का उल्लास और उमंग देखते ही बना। सखियां छड़ी लेकर कान्हा के सखा पर टूट पड़ीं। उन्हें घेर कर छड़ी से जमकर पीटा। कान्हा भी अपने सखाओं के साथ अपना बचाव करते हुए नजर आएं। बृज के होली के गीतों पर सभी ने जमकर नृत्य भी किया।नगला मसानी स्थित पंचायती गोशाला में पहली बार छड़ी मार होली का आयोजन हुआ। दोपहर एक बजे होली का उल्लास शुरू हो चुका था। सखियां घूंघट डालकर छड़ी लिए हुए तैयार थीं। हुरियारों ने उन पर अबीर और गुलाल उड़ाया तो फिर राधा रानी की सखियां उन्हें क्यों छोड़ने वाली थीं? उन्होंने भी छड़ी लेकर उन्हें दौड़ा लिया। कान्हा के सखा पर जमकर छड़ी बरसाई। पूरे गोशाला में उन्हें दौड़ा दौड़ाकर पीटा। कहीं भी कोई सखा छिपकर बच नहीं पाया। हंसी ठिठोली के संग होली का उत्साह और उमंग देखते ही बन रहा था। बृज के गीतों से हर कोई सराबोर हो उठा। गोशाला में विशाल रंग का कुंड भी बनाया गया था। सखियों में रंग भरकर कान्हा और उनके सखा पर खूब रंग डाला। गोशाला की संचालिका कृष्णा गुप्ता ने बताया कि हरिगढ़ में पहली बार छड़ी मार होली का आयोजन हुआ। इसी दिन गोकुल में भी छड़ी मार होली होती है। इसलिए इसका आनंद कुछ और ही होता है। लक्ष्मी नारायण लच्छो ने कहा कि गोशाला से जुड़े तमाम भक्तों ने छड़ी मार होली का आनंद उठाया। अविनाश कोल ने सभी अतिथियों का आभार जताया। अभी भक्तों ने चावल और कड़ी का प्रसाद ग्रहण किया। इस कार्यक्रम में कृष्णा गुप्ता, कोषाध्यक्ष लक्ष्मी नारायण लक्ष्क्षो, अविनाश कॉल, दीपक गुप्ता, विजय सांवरिया, उमेश ऑटो पार्ट्स, पूर्व महापौर सावित्री वार्ष्णेय, अतुल हार्डवेयर, राजेंद्र प्रसाद नूतन लोक, मीडिया प्रभारी विशाल देशभक्त, गौरी आर्या, मनोज सेल्फी, ममता, प्रभा सिंह, संध्या गुप्ता, इंदू वाला, गौरव पीतल, सुरभि गुप्ता, आरुष गुप्ता, राकेश, हिरदेश पप्पू, राहुल स्क्रैप, सीमा गुप्ता, समाजसेवी प्रतिमा सिंह, पल्लवी, सुलक्षणा शर्मा, हजारों की संख्या में भक्तों ने गौशाला में भाग लिया और होली का आनंद लिया।
प्रेषक – विशाल देशभक्त
मीडिया प्रभारी, गौशाला