मा0 सदस्य महिला आयोग मीना कुमारी ने की जनसुनवाई
18 प्रकरणों में संबंधित अधिकारियों को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश

अलीगढ़ उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की मा0 सदस्य श्रीमती मीना कुमारी ने शुक्रवार को लोक निर्माण अतिथि गृह में आयोजित जनसुनवाई में महिला उत्पीड़न, पारिवारिक विवाद एवं अन्य मामलों से संबंधित कुल 18 शिकायतों की सुनवाई की। इस दौरान चार प्रकरणों पर आपसी संवाद एवं सहयोग से मा0 सदस्य द्वारा समाधान निकाल कर हल कराया गया । इस दौरान पीड़ित महिलाओं की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों एवं थानों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
जनसुनवाई के दौरान सर्वाधिक मामले घरेलू हिंसा एवं पारिवारिक विवाद से संबंधित रहे, जिनमें क्वार्सी, इगलास, गांधी पार्क, अकराबाद, जवां, छर्रा, कासगंज तथा अतरौली क्षेत्रों से आए दंपतियों द्वारा अपनी शिकायतें प्रस्तुत की गईं। आयोग की सदस्य ने दोनों पक्षों की बात सुनते हुए संबंधित थानों को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त एक प्रकरण में शिकायतकर्ता ने अपने एवं अपने पति के विरुद्ध की गई कथित अनुचित कानूनी कार्रवाई के संबंध में शिकायत दर्ज कराई, जिस पर संबंधित अधिकारियों को जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। एक अन्य मामले में एक युवती के साथ दुष्कर्म की घटना के संबंध में जानकारी दी गई, जिस पर थाना सिविल लाइन को तत्काल आवश्यक कार्रवाई करने को कहा गया।एक अन्य शिकायत में एक महिला ने अपने पति की हत्या के मामले में न्याय दिलाए जाने की मांग की, जिस पर थाना गंगीरी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए। वहीं एक अन्य मामले में एक छात्रा के साथ विद्यालय में मारपीट की शिकायत पर, पूर्व में दर्ज एफआईआर के आधार पर बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्रकरण की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए।
इसी प्रकार एक अन्य शिकायत में एक युवती को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने की सूचना पर थाना महुआखेड़ा को त्वरित कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। वहीं एक अन्य प्रकरण में पड़ोसी द्वारा लगातार परेशान किए जाने की शिकायत पर थाना हरदुआगंज को मामले की जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
महिला आयोग की सदस्य श्रीमती मीना कुमारी ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मामलों में त्वरित एवं निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करना शासन की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण करते हुए पीड़ित महिलाओं को न्याय दिलाया जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
इस अवसर पर एसपी क्राइम ममता कुरील, जिला प्रोबेशन अधिकारी अजित कुमार, महिला थानाध्यक्ष निशा, सह जिला विद्यालय निरीक्षक राजकिशोर सहित हितेश कुमारी, नीतू सारस्वत, सीमा अब्बास, सोनम कुमारी और बेसिक शिक्षा, चिकित्सा विभाग, पुष्टाहार विभाग, समाज कल्याण से भी अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।



