कासगंज में एचपीवी वैक्सीन कैंप का शुभारम्भ, 100 छात्राओं को लगी प्रथम डोज
एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षित एवं प्रभावी माध्यम

-मण्डलायुक्त, संगीता सिंह
अलीगढ़/कासगंज : जिला चिकित्सालय कासगंज में आयोजित एक विशेष समारोह में आयुक्त, अलीगढ़ मण्डल, संगीता सिंह ने किशोरियों में गर्भाशय कैंसर की रोकथाम के लिए एचपीवी (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) वैक्सीन कैंप का विधिवत शुभारम्भ किया। इस अवसर पर कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय, सहावर की 100 छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन की प्रथम डोज लगाई गई।मण्डलायुक्त संगीता सिंह ने कहा कि एचपीवी वैक्सीन गर्भाशय कैंसर से बचाव की दिशा में एक प्रभावी और सुरक्षित उपाय है। किशोरावस्था में टीकाकरण से भविष्य में होने वाली गंभीर बीमारी को रोका जा सकता है। उन्होंने अभिभावकों एवं समाज से इस अभियान को सफल बनाने में सहयोग की अपील की।कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीम द्वारा छात्राओं को एचपीवी वैक्सीन के लाभ, सुरक्षा और आगामी डोज की जानकारी भी दी गई। विशेषज्ञों द्वारा बताया गया कि एचपीवी वैक्सीन सर्वाइकल कैंसर से बचाव का सुरक्षित एवं प्रभावी माध्यम है, जिससे भविष्य में कैंसर के खतरे को काफी हद तक कम किया जा सकता है। शिविर में जिले के निजी चिकित्सकों एवं नर्सिंग होम्स द्वारा भी सहयोग प्रदान किया गया। स्वास्थ्य विभाग ने महिलाओं किशोरियों से अपील की कि वे समय पर टीकाकरण एवं जांच कराकर स्वयं को सर्वाइकल कैंसर से सुरक्षित रखें। अधिकारियों ने बताया कि यह अभियान चरणबद्ध रूप से अन्य विद्यालयों एवं क्षेत्रों में भी संचालित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक किशोरियों को लाभ मिल सके।समारोह में जिलाधिकारी प्रणय सिंह, सीडीओ, एडीएम, जेडीसी, अपर निदेशक स्वास्थ्य, सीएमओ, शिक्षा विभाग के प्रतिनिधि, विद्यालय की शिक्षिकाएं तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



