अलीगढ़

50 लाख से अधिक लागत की परियोजनाओं की गहन समीक्षा, जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति पर दिया विशेष जोर

शासकीय योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता

-डीएम संजीव रंजन

अलीगढ़ : जिलाधिकारी संजीव रंजन की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनपद में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की अद्यतन स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई। विशेष रूप से 50 लाख रुपये से अधिक लागत वाले भवन निर्माण, सेतु निर्माण एवं सड़क निर्माण से संबंधित पूर्ण एवं अपूर्ण परियोजनाओं की प्रगति पर जिलाधिकारी ने विभागवार समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।जिलाधिकारी ने कहा कि वित्तीय वर्ष की समाप्ति में अब केवल तीन माह का समय शेष है, ऐसे में सभी विभाग लक्ष्यबद्ध एवं समयबद्ध ढंग से कार्यों को पूर्ण कराना सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि शासन द्वारा आवंटित धनराशि का शत-प्रतिशत सदुपयोग करते हुए निर्धारित लक्ष्यों की पूर्ति प्राथमिकता के आधार पर की जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब या लापरवाही स्वीकार्य नहीं होगी। बैठक के दौरान डीएम ने जनहित से जुड़ी जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रतिपूर्ति एवं लाभार्थियों को समय से लाभ पहुंचाने पर विशेष बल दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, यह सुनिश्चित करना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।अधिशासी अभियंता विद्युत ने बताया कि शहर में लगभग 2.76 लाख उपभोक्ता हैं, जिसके सापेक्ष लगभग 1.5 लाख प्रीपेड मीटर लग चुके हैं। सभी उपभोक्ताओं को बड़ी सरलता से विद्युत बिल भी प्राप्त हो रहे हैं। जिलाधिकारी ने त्रुटिपूर्ण प्रेषित बिलों के लंबित प्रकरणों का जल्द से जल्द निस्तारण सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। कस्तूरबा गांधी विद्यालय अकराबाद एवं गंगीरी का निर्माण कार्य जल्द से जल्द पूरा करने के साथ ही अन्नपूर्णा भवनों पर शीघ्र कार्य आरंभ कराए जाने के भी निर्देश दिए। अधिशासी अभियंता सिंचाई ने बताया कि सिल्ट सफाई का कार्य पूर्ण होने के उपरांत टेल फीडिंग का कार्य प्रगति पर है। निर्माण कार्यों की समीक्षा में डीडीयू में निर्माणाधीन क्रिटिकल केयर यूनिट का उपयोगिता प्रमाण पत्र शीघ्र भेजे जाने एवं पर्यटन विकास संबंधी कार्यों को शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए।

समीक्षा बैठक में छात्रवृत्ति वितरण, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, मुख्यमंत्री आवास योजना, मनरेगा, स्वास्थ्य सेवाएं, जल जीवन मिशन, अंडा उत्पादन, गौ संरक्षण, प्रोजेक्ट अलंकार, सेतु निर्माण, सड़कों का अनुरक्षण, विभिन्न स्वरोजगार योजनाएं एवं सामूहिक विवाह योजना सहित अन्य महत्वपूर्ण योजनाओं की प्रगति पर विस्तार से चर्चा की गई।जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण किया जाए तथा फील्ड स्तर पर नियमित निरीक्षण कर योजनाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में पारदर्शिता, गुणवत्ता एवं समयबद्धता बनाए रखना अत्यंत आवश्यक है, जिससे आमजन को योजनाओं का वास्तविक लाभ मिल सके।बैठक में सीडीओ योगेंद्र कुमार, सीएमओ डॉ0 नीरज त्यागी, पीडी भाल चन्द त्रिपाठी, डीडीओ आलोक आर्या, डीसी एनआरएलएम मंजू त्रिवेदी, समस्त बीडीओ उपस्थित रहे। सभी जिला स्तरीय अधिकारियों द्वारा विभागीय प्रगति के बारे में विस्तार से जानकारी एवं प्रगति उपलब्ध कराई गई।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!