औद्योगिक आस्थान ख्यामई में बुनियादी सुविधाएं एवं लिंक रोड विकसित करने दिए निर्देश
सीएम ग्रिड निर्माण कार्यों के उपरांत बदली नजर आएगी शहर यातायात व्यवस्था

अलीगढ़ : प्रभारी जिलाधिकारी एवं मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार की अध्यक्षता में कलैक्ट्रेट सभागार में जिला उद्योग एवं व्यापार बन्धु की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में उद्यमियों द्वारा नवीन औद्योगिक आस्थान ख्यामई में बुनियादी सुविधाएं एवं लिंक रोड विकसित करने एवं आवंटित भू-खण्डों को कब्जामुक्त कराने का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। इस पर उपायुक्त उद्योग एस0पी0 यादव ने बताया कि ख्यामई में 105 औद्योगिक भूखण्ड हैं जिनमें से 90 का आवंटन हो चुका है। 52 भूखण्डों पर भूमि विवाद है। प्रभारी डीएम ने उद्यमियों की समस्या को गंभीरता से लेते हुए तहसीलदार गभाना, संबंधित लेखपाल एवं अधिकारियों की पृथक से बैठक कराने के निर्देश दिए ताकि जल्द से जल्द वहां अवस्थापना सुविधाओं को विकसित किया जा सके।सीडीएफ एवं तालानगरी में 132 के0बी0ए0 विद्युत उपकेंद्र स्थापना के संबंध में आरएम यूपीसीडा द्वारा दूरभाष पर अवगत कराया गया है कि तालानगरी में भूमि चिन्हित कर स्वीकृति के लिए निदेशालय पत्र भेजा गया है। प्रभारी डीएम ने रिमाइण्डर पत्र प्रेषित करने के निर्देश दिए। प्रधानाचार्य आईटीआई द्वारा अवगत कराया गया कि 800 के सापेक्ष 611 शिशिक्षुओं समेत 27 को विद्युत विभाग में नियोजित किया गया है। उन्होंने आश्वस्त किया कि लक्ष्य पूर्ण कर लिया जाएगा। उद्यमी राकेश अग्रवाल द्वारा विकसित किए जा रहे प्लेज पार्क के संबंध में बताया गया कि 90 भूखण्डों में से 15 आवंटित हो चुके हैं। प्रभारी डीएम ने प्लेज पार्क में अवस्थापना सुविधाएं एवं लिंक मार्ग विकसित किए जाने के लिए एक्सईएन पीडब्लूडी को रिमाइण्डर पत्र विकसित करने के निर्देश दिए। तालानगरी में विद्युत ट्रिपिंग की समस्या को लेकर विद्युत विभाग द्वारा बताया कि 15 मार्च तक कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। प्रभारी डीएम ने यूपीसीडा को तालानगरी में अतिक्रमण मुक्त कराते हुए नियमित साफ-सफाई एवं फॉगिंग कराने के निर्देश दिए। निवेश मित्र पोर्टल की समीक्षा में पाया गया कि 12 प्रकरण समयसीमा के उपरांत लंबित है। जिस पर प्रभारी डीएम ने संबंधित अधिकारियों को समयबद्धता से उद्यमियों की समस्याओं के निस्तारण के निर्देश दिए। निवेश सारथी पोर्टल पर एक प्रकरण प्राप्त हुआ जिला निस्तारण कर दिया गया है। सीएम युवा उद्यमी योजना में जिले में 540 आवेदन लंबित पाए गए। जिस पर प्रभारी सीडीओ ने एसबीआई को 75, पीएनबी को 50, केनरा को 45, ग्रामीण बैंक को 80 समेत अन्य बैंकर्स को 27 फरवरी तक आवेदनों को स्वीकृत करने के निर्देश दिए।व्यापार बन्धु बैठक में व्यापारियों द्वारा सारसौल पुलिस चौकी के सामने बापूधाम में पेयजल पाईपलाइन के कारण क्षतिग्रस्त सड़क की समस्या पर प्रभारी डीएम ने जल निगम को समस्या निस्तारण के निर्देश दिए। किया। आगरा रोड स्थित राजकीय बीमा हॉस्पीटल एवं चिरंजीलाल विद्यालय पर बने वेंडिंग जोन व शौचालयों से अवैध कब्जा हटाने, अचल ताल परिसर में नवनिर्मित 28 दुकानों के लिए पुनः संशोधित निवित आंमत्रित करने, सेंटर प्वाइंट पर मंगलम पैलेस व भगवती पैलेस के मध्य मूत्रालय व पेयजल व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं शहरी मार्गों पर सेंटर लाइन, केट्स आई व जेब्रा लाइन बनाए जाने का अनुरोध पर सहायक नगर आयुक्त तपस्या द्वारा बताया गया कि निगम द्वारा निरंतर अतिक्रमण हटाए जाने की कार्यवाही की जा रही है। अचल ताल परिसर में दुकानों के लिए पूर्व निविदा को निरस्त कर दिया गया है जल्द ही संशोधित निविदा जारी की जाएगी। उन्होंने सीएम ग्रिड निर्माण कार्यों के उपरांत सेंटर लाइन जेब्रा लाइन एव इंडीकेटर लगाए जाने की बात कही। प्रभारी सीडीओ ने व्यापारी बन्धुओं से कहा कि सीएम ग्रिड योजना में निर्माण कार्य पूर्ण होने के उपरांत शहर की यातायात व्यवस्था सुदृढ़ होगी। उन्होंने मंगलम पैलेस व भगवती पैलेस के मध्य मूत्रालय निर्माण के लिए नगर निगम की टीम को सहयोग प्रदान कर स्थान चिन्हित करा दें, निर्माण करा दिया जाएगा।बैठक में एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव, उपायुक्त उद्योग एस0पी0 यादव, डिप्टी कमिश्नर राज्य कर विभाग चन्द्र शेखर सिंह, उद्यमी सतीश माहेश्वरी, नेकराम शर्मा, चन्द्रशेखर शर्मा, लल्लू सिंह, गणेश चौधरी, कमल गुप्ता, दिनेश कुमार अग्रवाल, वीरेन्द्र कुमार, सेवाराम शर्मा, लव गुप्ता, संजय वार्ष्णेय समेत संबंधित विभागों के अधिकारी एवं औद्योगिक संगठन के प्रतिनिधि व व्यापारी उपस्थित रहे।



