व्यवस्थाओं में सुधार को लेकर सीडीओ का सघन निरीक्षण
मंगलवार को विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया

अलीगढ़ : मुख्य विकास अधिकारी योगेन्द्र कुमार ने कार्यालयी व्यवस्थाओं को सुदृढ़ एवं पारदर्शी बनाने की श्रंखला में मंगलवार को विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालयों में उपस्थिति, साफ-सफाई, अभिलेखों के रख-रखाव एवं जनसामान्य से जुड़े कार्यों की प्रगति का गहन अवलोकन किया।
सीडीओ ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को समयबद्ध रूप से कार्यालय में उपस्थित रहकर अपने दायित्वों का निर्वहन करने की कड़ी नसीहत दी। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन को सुगम, पारदर्शी एवं संवेदनशील सेवाएं उपलब्ध कराना प्रत्येक अधिकारी-कर्मचारी की जिम्मेदारी है। कार्य में लापरवाही अथवा उदासीनता किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभिलेखों को सुव्यवस्थित रखने, लंबित प्रकरणों का त्वरित निस्तारण करने एवं कार्यालयीन अनुशासन बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही यह भी कहा कि सभी कर्मचारी सकारात्मक सोच के साथ टीम भावना में कार्य करें, ताकि विकास भवन एक आदर्श प्रशासनिक इकाई के रूप में स्थापित हो सके।
सीडीओ के इस निरीक्षण से कार्यालयी कार्यप्रणाली में कसावट आने के साथ-साथ अधिकारियों एवं कर्मचारियों में जिम्मेदारी और अनुशासन का संदेश स्पष्ट रूप से गया। निरीक्षण के दौरान कुछ एक अधिकारी और कर्मचारी कार्यालय में नहीं पाए गए। जानकारी करने पर ज्ञात हुआ कि वह अन्य कार्यालय में शासकीय कार्य के लिए गए हैं, जिस पर सीडीओ ने निर्देशित किया कि प्रातः 10 बजे से 12 बजे तक सभी अधिकारी कार्यालय में उपस्थित रहकर ही जनता दर्शन सुनिश्चित करें।
निरीक्षण के दौरान डीडीओ आलोक आर्य, पीडी भाल चन्द त्रिपाठी, डीसी एनआरएलएम मंजू त्रिपाठी, एडी सूचना संदीप कुमार, डीएसटीओ अनिल कुमार दीक्षित समेत अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।



