त्योहारों पर कानून व्यवस्था चाक-चौबंद, प्रशासन 24 घंटे अलर्ट मोड पर
संवेदनशील क्षेत्रों की विशेष निगरानी, नई परंपराओं पर रोक

अलीगढ़ : आगामी होली, नवरात्रि एवं ईद पर्व को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नीरज कुमार जादौन एवं प्रभारी जिलाधिकारी योगेंद्र कुमार की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का संचालन एडीएम सिटी किंशुक श्रीवास्तव ने किया।बैठक में सभी उप जिलाधिकारियों एवं पुलिस क्षेत्राधिकारियों ने अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील एवं अतिसंवेदनशील स्थानों की पहचान, सुरक्षा तैयारियों और थाना स्तर पर आयोजित शांति समिति बैठकों की जानकारी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि त्योहार पारंपरिक रीति-रिवाजों एवं आपसी भाईचारे के साथ ही मनाए जाएंगे, किसी भी नई परंपरा को अनुमति नहीं दी जाएगी। डीजे संचालकों को आवश्यक नोटिस जारी कर दिए गए हैं, जबकि शराब की दुकानों की सघन चेकिंग एवं पाबंदी की कार्रवाई भी जारी है।वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे 24 घंटे अलर्ट मोड पर रहें और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पूर्णतः तैयार रहें। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ0 नीरज त्यागी को निर्देश दिए गए कि जिला अस्पताल, सीएचसी एवं पीएचसी पर चिकित्सकों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और एंबुलेंस रेडी पोजीशन में रहें। उप जिलाधिकारी एवं पुलिस क्षेत्राधिकारी संयुक्त रूप से क्षेत्रीय भ्रमण करेंगे और ड्यूटी चार्ट का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित करेंगे। त्योहारों के दौरान मीट की खुले में बिक्री पर रोक रहेगी। शराब की दुकानों के बाहर जागरूकता फ्लेक्स लगाए जाएंगे और सभी दुकानों में सीसीटीवी कैमरे निरंतर क्रियाशील रखने के निर्देश दिए गए हैं।प्रभारी जिलाधिकारी ने नगर निगम, पंचायतीराज विभाग एवं अधिशासी अधिकारियों को विशेष सफाई अभियान चलाकर स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ रखने के निर्देश दिए। सहायक नगर आयुक्त तपस्या यादव ने बताया कि नगर स्तर पर ड्यूटी निर्धारण कर दिया गया है और टीमें सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं। विद्युत विभाग को झूलते तारों को तत्काल दुरुस्त करने और होलिका दहन स्थलों के ऊपर से गुजर रही विद्युत लाइनों की विशेष जांच कराने के निर्देश दिए गए हैं। त्योहारों के दौरान निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया। बैठक में प्रशासन ने स्पष्ट संदेश दिया कि जनसहयोग और आपसी सद्भाव के साथ त्योहार मनाना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। प्रशासन सतर्क है और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अफवाह फैलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।बैठक में एसपी सिटी मृगांक शेखर पाठक, एसपी ट्रैफिक प्रवीण कुमार, नगर मजिस्ट्रेट अतुल गुप्ता, जिला आबकारी अधिकारी डी0के0 गुप्ता, मुख्य अभियंता नगर निगम, अधिशासी अभियंता जल निगम, अधिशासी लोनिवि, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, अधिशासी अधिकारी, रोडवेज सहित एसपीओ एवं होली आयोजकगण उपस्थित रहे।



