अलीगढ़

मेगा विधिक सहायता शिविर 22 फरवरी को कोहिनूर मंच पर, जरूरतमंदों को मिलेगा योजनाओं का सीधा लाभ

अन्तर्विभागीय समन्वय बैठक में अपर जिला जज ने तैयारियों की समीक्षा कर दिए आवश्यक निर्देश

अलीगढ़ : जनसामान्य को विधिक सेवाओं और सरकारी योजनाओं का त्वरित लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से 22 फरवरी को नुमाइश मैदान स्थित कोहिनूर मंच पर मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर की तैयारियों को लेकर अपर जिला न्यायाधीश प्रतिभा सक्सेना ने पुस्तकालय कक्ष में विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तृत अन्तर्विभागीय समन्वय बैठक कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की। एडीजे ने अनुपस्थित अधिकारियों के प्रति गहरी नाराजगी प्रकट करते हुए कहा कि इस प्रकार की पुनरावृत्ति बर्दाश्त नहीं की जाएगी।उन्होंने बताया कि मेगा शिविर का शुभारंभ प्रातः 10 बजे होगा। सभी संबंधित अधिकारियों को समय से उपस्थित रहकर सुव्यवस्थित ढंग से आयोजन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। अपर जिला जज ने कहा कि शिविर का मुख्य उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति तक विधिक सहायता, शासकीय योजनाओं और जनकल्याणकारी सुविधाओं का वास्तविक लाभ पहुंचाना है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि विभागीय योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार करते हुए अधिक से अधिक पात्र लाभार्थियों को शिविर के माध्यम से लाभान्वित किया जाए।मेगा शिविर में विभिन्न विभागों के स्टॉल स्थापित किए जाएंगे, जहां पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का ऑन-द-स्पॉट लाभ प्रदान किया जाएगा। इसके साथ ही सिलाई मशीन वितरण, गोद भराई, अन्नप्राशन, रक्तदान शिविर एवं स्वास्थ्य जांच शिविर जैसे जनहितकारी कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। अपर जिला जज ने सभी जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे अपने-अपने विभागों की योजनाओं की स्पष्ट एवं विस्तृत जानकारी आमजन को उपलब्ध कराएं। बैठक में शिविर की रूपरेखा, विभागीय दायित्वों, लाभार्थियों की सहभागिता एवं आधारभूत व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। सभी अधिकारियों ने आश्वस्त किया कि दिए गए निर्देशों के अनुरूप मेगा शिविर का सफल और प्रभावी आयोजन सुनिश्चित किया जाएगा।बैठक में एडीजे तोष कुमार एवं रवीश कुमार अत्री, प्रभारी सचिव विधिक सेवा प्राधिकरण अंकित राज सिंह, एडीएम न्यायिक, डीआईओएस, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, एडी फिशरीज, दिव्यांगजन अधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

JNS News 24

Related Articles

error: Content is protected !!